सरगुजा पुलिस की गांधीनगर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 1 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल लगभग 75 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी/15/डीजे/4318 में गांजा रखकर दो व्यक्ति बनारस चौक से डिगमा की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिनेश थापा (35), निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा), हाल मुकाम अजिरमा नेपालीपारा, तथा विक्की तामंग (21), निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने वाले थे। थाना गांधीनगर में अपराध धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमारी द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.