कोटपूतली-बहरोड़ के प्रागपुरा कस्बे में बार-बार लगने वाले यातायात जाम से आमजन को राहत दिलाने के लिए प्रागपुरा थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। थाना प्रभारी भजनाराम के नेतृत्व में बुधवार को पावटा शहर में पैदल गश्त करते हुए राजमार्ग, सर्विस लेन और नेशनल हाईवे पर नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 147 वाहनों के चालान काटे गए। लंबे समय से हाईवे और सर्विस लेन पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई हुई थी। इससे न केवल जाम की स्थिति बन रही थी, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और अवैध रूप से खड़े वाहन तुरंत हटवाए गए, जिससे सड़क मार्ग खाली हो सका और यातायात सुचारु हुआ।
थाना प्रभारी भजनाराम ने वाहन चालकों से अपील की कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सड़क, सर्विस लेन और नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Kotputli-Behror News: बेखौफ चोरों का कहर, देवशन-बाबरिया में सात दुकानों के शटर तोड़कर लाखों की चोरी
गौरतलब है कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले के प्रागपुरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान अब तक मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10,202 चालान किए जा चुके हैं, जो जिले में सर्वाधिक हैं। यह उपलब्धि यातायात अनुशासन के प्रति पुलिस की सख्ती और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.