शहर में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देकर वसूली करने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। सरदारपुरा थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले का खुलासा पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में हुई जांच के बाद हुआ। झंवर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लादू राम उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्यवसायी राजकुमार सिंधी को फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकाया और वसूली की कोशिश की। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी नशे की लत का आदी है और अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों को डरा-धमका कर पैसों की उगाही करता था। ऐसे कई मामलों में उसने गैंगस्टर के नाम का दुरुपयोग कर रंगदारी मांग चुका है। इस पर झंवर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की और टेक्निकल सर्विलांस व स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने में सिपाही नभ सिंह और गोपाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम विनीत बंसल सरदारपुरा थाने पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इस दौरान एडीसीपी रोशन मीणा और एसीपी छवि शर्मा भी मौजूद रहे। झंवर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और सरदारपुरा के कार्यवाहक थाना प्रभारी विश्राम मीणा की ओर से आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.