सलूंबर जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गीगला थाना पुलिस ने खाखरिया खेड़ी नदी क्षेत्र से अवैध रूप से बजरी का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया और उसके चालक को मौके से गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के पर्यवेक्षण और वृत्ताधिकारी सलूंबर हेरम्ब जोशी के निर्देशन में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को खाखरिया खेड़ी नदी में अवैध बजरी खनन की सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई जीवतराम अपने जाप्ते के साथ सरकारी वाहन से मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी क्षेत्र से बजरी से भरा एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलते हुए देखा।
पुलिस ने वाहन को रोका और चालक से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। हालांकि, चालक कोई भी लाइसेंस, परमिट, आरसी या बीमा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
पुलिस के अनुसार, जयसमंद कैचमेंट एरिया में बजरी खनन और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद यहां चोरी-छिपे अवैध खनन किया जा रहा था। जांच में ट्रॉली में लगभग 2 टन अवैध बजरी भरी हुई पाई गई।
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान पूनमचंद पुत्र कालुजी मीणा (उम्र 21 वर्ष), निवासी खाखरिया खेड़ी, थाना गीगला, जिला सलूंबर के रूप में बताई। उसे हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला, एएसआई जीवतराम, कांस्टेबल कैलाश कुमार और कांस्टेबल शोभाराम सहित पुलिस टीम शामिल थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.