बैतूल| नेहरू पार्क के बगल में 106 दुकानों वाली चौपाटी बनाने के लिए वर्तमान दुकानों और गुमठियों को पुलिस ग्राउंड की बाउंड्रीवॉल के सामने से उठाकर सड़क पर कतार से लगा दिया है। अब आधी सड़क ही वाहनों के लिए बची है। वहीं ठेकेदार ने गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री सड़क पर ही डाल दी। जिसके कारण यहां जैसे ही कार या कोई भारी वाहन आता है पूरी सड़क जाम हो जाती है। शनिवार और रविवार शाम को यहां पर ट्रैफिक जाम लगा। दरअसल बीच चौपाटी पर पहुंचते ही बड़े वाहनों के सामने गिट्टी का ढेर आ गया और पिकअप रुक गई। इसके पीछे कतार से अन्य वाहन खड़े होते चले गए। इस कारण चौपाटी पर वाहन फंस गए। इसके बाद जैसे-तैसे गिट्टी हटाकर जाम को हटवाया और ट्रैफिक खुला। अन्य वाहन जो फंसे थे वे भी निकले। इस दौरान कई परिवार, बच्चे और महिलाएं परेशान होते रहे। इस बारे में नपा सीएमओ सतीश मटसेनिया ने बताया निर्माण सामग्री को सड़क से हटाकर एक तरफ करने की हिदायत ठेकेदार को दी जाएगी। नपा ने 2016 में खुद ही सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री के खिलाफ सख्त नियम बनाए थे। इसके तहत इस तरह की निर्माण सामग्री को जब्त करने और 500 रुपए अर्थदंड करने का नियम लागू किया था। नपा ने लेकिन लंबे समय से किसी पर भी कार्रवाई नहीं की है। और अब नपा खुद के कामों में भी निर्माण सामग्री सड़क पर डाल रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.