पिलानी थाना क्षेत्र से करीब आठ महीने पहले लापता हुई महिला का सुराग न लगने से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार से जिला कलेक्ट्रेट के सामने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर लापता महिला माया के ससुर उमराव मेघवाल ने अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। डुलानिया निवासी प्रार्थी उमराव पुत्र कुलाराम ने बताया कि उनकी पुत्रवधू माया (पत्नी पवन) बीते 12 जून 2025 से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता है। इस संबंध में 13 जून 2025 को पिलानी थाने में MPR नंबर 18/2025 दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को बयानों में साफ तौर पर बताया था कि माया, गांव के ही बंटी पुत्र परमेश्वर के साथ गई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई करने में नाकाम रही है। बुधवार से डॉ. भीमराव अंबेडकर अत्याचार निवारण समिति के बैनर तले ग्रामीण और परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी बहू का पता नहीं चल जाता, वे अन्न का एक दाना भी ग्रहण नहीं करेंगे। लापता महिला के ससुर उमराव मेघवाल ने बताया कि हम थाने के चक्कर काटकर रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब हमारे पास भूख हड़ताल के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।” डॉ. भीमराव अंबेडकर अत्याचार निवारण समिति के जिलाध्यक्ष कैलाश दास सारी धाम ने कहा कि पुलिस की यह नाकामी प्रशासन पर बड़ा सवालिया निशान है। एक महिला इतने महीनों से लापता है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही माया को दस्तयाब (बरामद) नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.