चार हथियारों के साथ फोटो हुआ वायरल
भोजपुर जिले में अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामला करनामेपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ
थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि तीन जनवरी को चार छोटे-बड़े अवैध हथियारों के साथ युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। युवक राइफल और कट्टा जैसे हथियारों को खतरनाक तरीके से लहराते हुए नजर आ रहा था। लोगों में भय का माहौल उत्पन्न करने का आरोप है।
वायरल फोटो करनामेपुर थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि फोटो में दिख रहे युवक सोनवर्षा गांव का रहने वाला है। अक्सर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को डराते रहता है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही है छापेमारी।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने छापेमारी कर सोनवर्षा गांव निवासी गंगासागर यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान वायरल फोटो में खुद के होने की बात स्वीकार की। साथ ही अन्य वायरल तस्वीरें दिखाए जाने पर उसने सनोज यादव और जितेंद्र यादव की पहचान की।
आरोपी ने बताया कि हथियार गांव के ही अखिलेश यादव का है, जिसके साथ उसने फोटो खिंचवाया था। जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस सनोज यादव, जितेंद्र यादव और अखिलेश यादव की तलाश कर रही है। हालांकि, अब तक अवैध हथियारों की बरामदगी नहीं हो सकी है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.