सिवनी जिले के केवलारी विकासखंड मुख्यालय में पालतू कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती बताई जा रही हैं। ताजा मामले में दो पालतू कुत्तों ने एक युवक पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया तथा एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है।
ग्राम सरेखा निवासी अजय पांडे ने बताया कि वे सुबह अपने घर से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के दो पालतू कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। अजय के अनुसार, घटना के समय कुत्तों के मालिक मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कुत्तों को नियंत्रित करने में लापरवाही बरती। हमले में अजय पांडे के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
थाने में शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित ने केवलारी थाने में दोनों कुत्ता मालिकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अजय पांडे का कहना है कि क्षेत्र में पालतू कुत्तों के हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने और पालतू पशु मालिकों के लिए स्पष्ट नियम लागू करने की मांग की है।
पूर्व की घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सिवनी शहर में भी दो दर्जन से अधिक लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए थे। वहीं, कुछ माह पूर्व कुत्ते के काटने से एक बालिका की मौत का मामला भी सामने आया था। इन घटनाओं के बावजूद कई पालतू कुत्ता मालिक सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया
केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दो पालतू कुत्तों द्वारा एक व्यक्ति को काटे जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पालतू कुत्तों के पंजीयन, टीकाकरण और सार्वजनिक स्थानों पर उन्हें नियंत्रण में रखने के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.