संवाद न्यूज एजेंसी
निथर (कुल्लू)। नित्थर उप तहसील की देहरा पंचायत में पेयजल किल्लत हो गई है। ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक पेयजल स्रोत के खराब होने और दूसरे में पेयजल की कमी के कारण यह समस्या आई है। सात गांव के ग्रामीणों को आठवें दिन पेयजल आपूर्ति हो रही है। राकेश, संजीव, सुरजीत, डिंपल और महेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि देहरा पंचायत के चेबड़ी, धार, देहरा, चारमाला, धनाह, शकरोली और शोचा डोबा गांव के ग्रामीणों को आठ दिन के बाद पानी मिल रहा है। कुर्पण खड्ड की पेयजल योजना से अभी नित्थर को पानी नहीं मिल रहा है। गर्मी का मौसम नजदीक है और देहरा पंचायत के ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। इस पेयजल योजना का हजारों लीटर पानी शनाह में व्यर्थ में बह रहा है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग की अनदेखी का दंश हजारों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और विभाग से शीघ्र समस्या दूर कर पेयजल आपूर्ति मुहैया करवाने की मांग उठाई है।
दुराह खड्ड का स्रोत खराब
उधर, जल शक्ति विभाग नित्थर के कनिष्ठ अभियंता महिंद्र कुमार ने बताया कि दुराह खड्ड का एक स्रोत खराब हो गया है। उसमें गंदा पानी आ रहा है, इसलिए उसको बंद कर दिया गया है। दूसरे पेयजल स्रोत में पानी की मात्रा कम है, इसलिए पानी की कमी हुई है। कुर्पण खड्ड से लिफ्ट का पानी जल्द इसमें जोड़ा जाएगा। लोट पंचायत के साही में पाइप लाइन टूटी हुई है, जिसे जल्द जोड़ा जाएगा।

नित्थर की देहरा पंचायत के लिए आने वाले पेयजल के स्रोत में कम हुआ पानी। संवाद