डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पेंड्रा में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, जन भागीदारी समिति अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी और सरपंच कमल दामोदर परदेशी अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन ने शैक्षणिक संस्थानों में प्रति वर्ष वार्षिकोत्सव आयोजित करने का नियम बनाया है। इसके बावजूद, पिछले आठ वर्षों से इस महाविद्यालय में यह कार्यक्रम नहीं हो रहा था। महाविद्यालय में प्राचार्य का प्रभार एमपी रोहिणी और सांस्कृतिक विभाग का प्रभार डॉ. योगेश तिवारी को मिलने के बाद इस वर्ष से समारोह की पुनः शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महाविद्यालय के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने रुसा भवन के सामने फर्शीकरण, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने महाविद्यालय परिसर में गार्डन, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने प्रवेश द्वार, जनभागीदारी अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी ने डोम और अमरपुर के सरपंच कमल दामोदर परदेशी ने मैदान समतलीकरण कराने की घोषणा की। समारोह में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही, पिछले वर्ष शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कृत होने वाले विद्यार्थियों में 90 प्रतिशत छात्राएं शामिल थीं। इस पर अतिथि काफी प्रभावित हुए। राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने के लिए शासन की प्राथमिकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे के माध्यम से देश की बेटियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, साथ ही शासन के माध्यम से सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहे हैं। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य एमपी रोहिणी ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामजी श्रीवास, अर्चना पोर्ते, शंकर कंवर, विजय राठौर, उज्ज्वल तिवारी, प्रखर तिवारी, निर्माण जायसवाल सहित महाविद्यालय के स्टाफ, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.