बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपापुर पंचायत स्थित अमृत सरोवर तालाब में शनिवार सुबह बोरे में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव को तैरता देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर बख्तियारपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव पर स्पष्ट चोट के निशान की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर तालाब में फेंका गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पढ़ें: बिना विशेषज्ञ डॉक्टर के 243 एक्स-रे! मढ़ौरा अस्पताल के आंकड़ों ने उठाए सवाल; नहीं सुधरी व्यवस्था
घटना के बाद अमृत सरोवर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि चंपापुर गांव के समीप सड़क किनारे स्थित तालाब से एक बोरे में बंद शव बरामद हुआ है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पहचान के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.