Patna News: पटना के दानापुर में कुत्तों के झुंड ने एक दिन में 40 लोगों को काट लिया. 19 को पटना एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. दहशत इस कदर है कि लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं.
ताजा मामला दानापुर के फुलवारी शरीफ नगर परिषद क्षेत्र का है. जहां आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि पूरा इलाका दहशत के साये में जीने को मजबूर है. बीते 24 घंटे के भीतर कुत्तों के झुंड ने अलग-अलग इलाकों में हमला कर 40 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और मासूम बच्चे शामिल हैं.
झुंड में घूम रहे आवारा कुत्ते
मिली जानकारी के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल 19 लोगों को पटना एम्स में भर्ती कराया गया. जबकि अन्य घायलों का इलाज फुलवारी शरीफ पीएचसी और निजी नर्सिंग होम में कराया जा रहा है. कई घायलों को रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ा. स्थानीय लोगों के मुताबिक फुलवारी शरीफ के गोविंदपुर, नया टोला, बाल्मी, रहमत कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में आवारा कुत्तों का झुंड खुलेआम घूम रहा है. राह चलते लोग, स्कूल जाते बच्चे और सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्ग इनके आसान शिकार बन रहे हैं. कुत्ते अचानक झुंड बनाकर हमला कर देते हैं, जिससे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिलता.
प्रशासन ने नहीं उठाए ठोस कदम
घायल छात्र ओम नारायण ने बताया कि वह घर से बाहर निकला ही था कि अचानक कुत्तों ने घेर लिया और काट लिया. वहीं स्थानीय निवासी कृष्ण मोहन कुमार का कहना है कि इलाके में लंबे समय से कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि नगर परिषद और जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी और टीकाकरण की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही हैं. जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी अभियान नहीं दिख रहा, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.