छत से गिरने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
जानकारी के अनुसार युवती फंडामेंटल कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करती थी और पास के गांव की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि वह हॉस्टल की छत से गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने दावा किया कि युवती को चक्कर आया और पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई. हालांकि मृतका के परिजनों का कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या हो सकती है. उनका आरोप है कि परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं और मामले की गहन जांच होनी चाहिए.
CCTV में दो युवक दिखे, पुलिस ने हिरासत में लिया
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब हॉस्टल परिसर के CCTV फुटेज में दो युवक सीढ़ियों से ऊपर जाते हुए दिखाई दिए. इसी के आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है. फिलहाल उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने रोका, पोस्टमॉर्टम कराया बताया जा रहा है कि युवती को पहले इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन बिना पोस्टमॉर्टम के अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके.
मौके पर DSP और फॉरेंसिक टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुशील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिस स्थान से युवती गिरी, वहां आमतौर पर कोई जाता नहीं था, ऐसे में वह वहां कैसे पहुंची. हॉस्टल प्रबंधन की चुप्पी घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस पूरे परिसर की जांच कर रही है और हर एंगल से मामले को खंगाल रही है.
हादसा या हत्या? जांच जारी
फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवती की मौत गिरने से हुई है, लेकिन हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी. इस घटना ने एक बार फिर पटना में हॉस्टलों में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.