Bihar Tourism: पटना के दीघा में अब वाराणसी और गांधी घाट जैसा नजारा दिखेगा. मुख्यमंत्री ने जे.पी. सेतु के पास पक्के घाट बनाने और भव्य ‘गंगा आरती’ शुरू करने का बड़ा निर्देश दिया है. साथ ही, उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले नए सिक्स-लेन गंगा ब्रिज का काम भी अब सुपरफास्ट मोड में होगा. जानिए कैसे दीघा बनेगा बिहार के पर्यटन का नया केंद्र.
बिहार की राजधानी पटना के दीघा क्षेत्र में गंगा किनारे का नजारा अब पूरी तरह बदलने वाला है. मुख्यमंत्री ने जे.पी. सेतु के निकट दीघा पाटी पुल और मीनार घाट का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को इन घाटों को अत्याधुनिक और सुंदर पक्का घाट के रूप में विकसित करने का कड़ा निर्देश दिया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीघा पाटी पुल और मीनार घाट पर प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं. लोगों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां न केवल पक्के घाट बनाए जाएंगे, बल्कि पूरे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुख्यमंत्री ने गांधी घाट की तर्ज पर दीघा पाटी पुल घाट पर भी नियमित गंगा आरती शुरू करने का निर्देश पर्यटन विभाग को दिया है. इसके साथ ही यहां बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और अन्य बुनियादी पर्यटकीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

घाटों के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने जे.पी. सेतु के समानांतर बन रहे नए सिक्स-लेन गंगा ब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस महासेतु का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

<br />मुख्यमंत्री ने इस पुल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह सिक्स-लेन ब्रिज उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को और अधिक सुलभ बनाएगा. इससे न केवल पटना में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि बिहार के विकास को एक नई गति मिलेगी.

दीघा के इन घाटों के पक्का होने और वहां आरती शुरू होने से यह क्षेत्र पटना के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा. मुख्यमंत्री की इस पहल से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है, क्योंकि इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.