पटना : बिहार सरकार युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के माध्यम से एक ऐसी योजना चला रही है, जो न केवल युवाओं के कौशल को निखार रही है, बल्कि उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव और आर्थिक मजबूती भी दे रही है. इस योजना का नाम मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप योजना है. बिहार कौशल विकास मिशन (बीएसडीएम) द्वारा संचालित यह योजना बिहार के 18 से 28 साल के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो रही है.
सरकारी और निजी क्षेत्र का अनोखा संगम
बिहार सरकार की इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल सरकारी संस्थान ही नहीं, बल्कि देश की कई नामी निजी कंपनियां और उद्योग भी शामिल हो चुके हैं. सरकारी विभागों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और निगमों के अलावा निजी क्षेत्र के भागीदार इंटर्न्स को अतिरिक्त सुविधाएं भी दे रहे हैं. जैसे बेहतर स्टाइपेंड, भोजन, आवास और ट्रांसपोर्ट है. इससे बिहार के युवा अब सिर्फ राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कार्य अनुभव प्राप्त कर पा रहे हैं.
इस योजना के तहत युवा विभिन्न सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में इंटर्न बनकर काम करते हैं. उन्हें प्रयोगशाला सहायक, पुस्तकालय सहायक, डेटा एंट्री ऑपरेटर, सोशल मीडिया मैनेजर, वित्तीय सहायक, मानव संसाधन सहायक, हिंदी टाइपिस्ट और अन्य प्रशासनिक व तकनीकी भूमिकाओं में हाथ आजमाने का मौका मिलता है. अनुभवी अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ काम करके युवा वास्तविक कार्यस्थल की चुनौतियों और प्रक्रियाओं को करीब से समझ पाते हैं.
12वीं से लेकर स्नातकोत्तर पास युवा ले सकते हैं भाग
इस योजना में 12वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक के युवा भाग ले सकते हैं. इस इंटर्नशिप की अवधि 3 महीने से 1 साल तक होती है. जहां मासिक स्टाइपेंड: 4,000 से 6,000 रुपये है. वहीं, अन्य जिले में इंटर्नशिप पहले 3 महीने के लिए अतिरिक्त 2000 रुपये प्रतिमाह + 5,000 रुपये एकबार दिया जाएगा. इसके अलावा बिहार के बाहर इंटर्नशिप पूरी अवधि के दौरान डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के जरिए अतिरिक्त सहायता इन सुविधाओं से दूर-दराज के जिलों और गांवों के युवा भी बड़े शहरों में जाकर अनुभव हासिल कर पा रहे हैं.
युवाओं को मिलेगा प्रमाण पत्र
इसकी इंटर्नशिप पूरी होने पर बिहार कौशल विकास मिशन और संबंधित संस्थान द्वारा संयुक्त प्रमाण-पत्र दिया जाता है, जो आगे की नौकरी और करियर में बहुत काम आएगी. सरकार का लक्ष्य अगले 5 सालों में 1 लाख 5 हजार युवाओं को इस योजना से जोड़ना है.
यहां मिलेगी पूरी जानकारी
यह योजना सिर्फ इंटर्नशिप नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यावहारिक ज्ञान की पहली सीढ़ी है. बिहार के लाखों युवा अब सपनों को हकीकत में बदलने की राह पर है. बिहार में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप योजना न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रही है. बल्कि बिहार को एक कुशल और आत्मनिर्भर युवा पीढ़ी देने का वादा भी पूरा कर रही है. यदि आप 18-28 साल के युवा हैं और अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं, तो यह योजना आपके लिए एक सुनहरा मौका है. इसकी अधिक जानकारी के लिए बिहार कौशल विकास मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर सारी जानकारी पा जाएंगे. वहीं, आप इसके लिए आज ही आवेदन कर सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.