पटना में नए साल की शुरुआत भक्तिमय माहौल में हुई. जहां महावीर मंदिर में बजरंगबली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की 3 किलोमीटर लंबी कतार लगी. कड़ाके की ठंड के बावजूद भोर से ही हजारों भक्त कतारों में डटे रहे. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित किया.
भोर से ही लगी श्रद्धालुओं की लाइन
श्रद्धालु भोर के 3:00 बजे से ही कतारों में लग गए थे. स्टेशन रोड से शुरू हुई यह लाइन जीपीओ गोलंबर और बुद्ध स्मृति पार्क के पास तक पहुंच गई है। मंदिर प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं. कतारों को दो हिस्सों में बांटा गया है—एक तरफ महिलाएं तो दूसरी तरफ पुरुष अनुशासित होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. भक्तों का मानना है कि साल की शुरुआत पवनपुत्र बजरंगबली के दर्शन से करने से पूरा साल मंगलमय और सुखद बीतता है.
सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए पटना पुलिस और महावीर मंदिर न्यास समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और सीसीटीवी कैमरों से पूरी भीड़ पर नजर रखी जा रही है. मंदिर के आसपास वाहनों के प्रवेश को वर्जित कर दिया गया है, ताकि पैदल चलने वाले भक्तों को परेशानी न हो. मंदिर की ओर से ‘नैवेद्यम’ लड्डू के अतिरिक्त काउंटर भी खोले गए हैं ताकि लोग आसानी से प्रसाद ले सकें.
पूरे शहर में उत्सव का माहौल
महावीर मंदिर के अलावा शहर के अन्य धार्मिक स्थलों जैसे पटनदेवी, इस्कॉन मंदिर और बोरिंग रोड स्थित शिव मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है. लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. दर्शन के बाद लोग पार्क और पिकनिक स्पॉट का रुख कर रहे हैं, जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.