पटना मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 जनवरी तक बिहार के अधिकांश इलाकों में धूप खिलने की संभावना जताई गई है. इससे कोल्ड डे और घने कोहरे की मार झेल रहे कई जिलों को कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद फिलहाल नहीं की जा रही है.
बिहार के इन जिलों में आज कोहरे से मिलेगी राहत
आज यानी 13 जनवरी को उत्तरी बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया में घना कोहरा छाया रहेगा. जबकि बाकि सभी जिलों में कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं है. आज कोल्ड डे जैसी स्थिति बिहार के किसी भी जिले में नहीं रहेगी. अधिकांश जिलों में धूप निकलने की संभावना है. इससे दिन में राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही कनकनी बढ़ जायेगी. आने वाले कुछ दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकत/न्यूनतम | AQI |
| पटना | 22.0/10.7 | 180 |
| मुजफ्फरपुर | 20.6/10.0 | 199 |
| गयाजी | 23.0/8.2 | 170 |
| पूर्णिया | 23.8/8.9 | 165 |
| भागलपुर | 22.4/5.2 | 146 |
नोट- ( ये आंकड़े मंगलवार के हैं )
बिहार के लोगों को 18 जनवरी को मिल सकती है राहत
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस हफ्ते बिहार वासी कड़ाके की ठंड से राहत भरी सांस ले सकते हैं. 14 जनवरी से लेकर 16 जनवरी तक उतर बिहार के सभी जिलों में घना कुहासा देखने को मिल सकता है. हालांकि, दक्षिण बिहार के जिलों को कोहरे से राहत मिलेगी. कोल्ड डे रहने का पूर्वानुमान कहीं नहीं है. धूप निकलने की ज्यादा संभावना नजर आ रही है.
वहीं, 17 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है. इस दिन पूरे बिहार में घने स्तर का कोहरा छाया रहेगा, लेकिन कोल्ड डे से राहत मिल सकती है. अगले दिन, यानि 18 जनवरी को पूरे बिहार में कोई चेतावनी जारी नहीं है. इस हफ्ते लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिल सकती है. धूप निकलने का चांस अधिक है. हालांकि तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा. यहां मामूली उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
शाम होते ही कनकनी तेज
इन दिनों भले ही दिन में लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन रात होते ही कनकनी का असर काफी हद तक बढ़ जा रहा है. तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6°C पूसा में दर्ज हुआ. रात का पारा 4.9°C से 11°C के बीच रहा. इसमें ज्यादातर जिलों का तापमान 8°C के आस पास ही रहा. वहीं, दिन के तापमान में तो खूब वृद्धि देखी जा रही है. सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27°C किशनगंज में रहा. जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 20.6°C मुजफ्फरपुर में दर्ज हुआ. दिन में धूप निकलने से लोगों को काफी राहत मिल रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.