पटना: बिहार के मधेपुरा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार जिले में अगले तीन घंटे के दौरान घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इस संबंध में सूचना जारी है. लिहाजा सुबह 6ः43 से 9ः43 तक सावधान रहने की जरूरत है. बता दें कि बिहार में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर कुछ ऐसा है कि कई हिल स्टेशन से भी कम तापमान दर्ज किया जा रहा है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक रविवार को पहाड़ों की रानी कही जाने वाली मसूरी का न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि उसी दिन बिहार के भागलपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह इस सीजन में पहली बार है जब बिहार में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है. इसका मतलब यह हुआ कि पहाड़ी इलाकों की तुलना में भी भागलपुर अधिक सर्द रहा. यहां लोग घरों के अंदर भी ठंड से कांपते नजर आए. यही स्थिति लगभग पूरे बिहार में देखने को मिली.
IMD द्वारा जारी अलर्ट
सिर्फ भागलपुर ही नहीं, बल्कि राज्य के तीन जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि रात के दौरान बिहार के लोगों को ठंड का कितना ज्यादा सामना करना पड़ रहा है.
हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कोहरे और कोल्ड डे से कुछ हिस्सों को राहत मिल सकती है लेकिन इस सप्ताह भी तापमान का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा. तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन राज्य के ज्यादातर हिस्सों में ठंड का कहर बरकरार रहने की संभावना है.
आज किन जिलों के लिए खतरे की घंटी
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी सोमवार को पूर्णिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण सहित उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे का असर जारी रहेगा. इसलिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी तरफ, पटना, गयाजी, कैमूर, जमुई सहित दक्षिण बिहार के सभी जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे से राहत मिलेगी. इन 19 जिलों में कोई चेतावनी जारी नहीं है. हल्के धूप निकलने की संभावना है. यह सिलसिला अगले चार दिन यानी 16 जनवरी तक बनी रहेगी. कोल्ड डे और घना कोहरा से कुछ हद तक राहत बनी रहेगी. 17 जनवरी को तो पूरे बिहार में कोई अलर्ट जारी नहीं है. यानी, समूचे बिहार को राहत मिलेगी. इसके बाद फिर से मौसम बदलाव संभव है.
तापमान का क्या रहेगा आगे हाल
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के अधिकतम तापमान मे 1-3°C की वृद्धि होने की संभावना है. इसके बाद दिन के तापमान मे 2-4°C की गिरावट होने का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही, रात के तापमान में भी 1-4°C की वृद्धि होने का पूर्वानुमान है. इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान मे कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने का पूर्वानुमान है.
इन जिलों की रातें सबसे ज्यादा सर्द
रविवार को सबसे सर्द रात भागलपुर के सबौर में दर्ज किया गया. यहां का न्यूनतम तापमान 4°C दर्ज हुआ. इसके अलावा, शेखपुरा का 4.3°C और पूसा का 4.4°C दर्ज हुआ. ज्यादातर जिलों का न्यूनतम तापमान 6-8°C के बीच रहा. आज इसमें थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है.
दिन में राहत मिल रही है. धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. सभी जिलों का अधिकतम तापमान 20°C के ऊपर ही दर्ज हुआ. सर्वाधिक अधिकतम तापमान तो 24.9°C किशनगंज में दर्ज हुआ. हालांकि, पटना सहित कई जिलों में रात से सुबह के समय तक घना कोहरा देखने को मिला. भागलपुर की दृश्यता सबसे कम 30 मीटर रही. दरभंगा एवं वाल्मीकिनगर में भीषण शीत दिवस तथा अररिया, मोतीहारी, नालंदा, वैशाली एवं मुंगेर में शीत दिवस दर्ज की गई.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 22 | 7.8 | 251 |
| मुजफ्फरपुर | 18.6 | 7.2 | 250 |
| गयाजी | 23.4 | 7.2 | 185 |
| पूर्णिया | 21.6 | 8.7 | 189 |
| भागलपुर | 21.6 | 4 | 153 |
नोट- ये आंकड़े रविवार के हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.