ठंड का लेवल बढ़ता ही जा रहा है. एक ओर सुबह के समय कोहरे से विजिबिलिटी पर असर है. वहीं, सर्द हवाओं की वजह से कनकनी बढ़ी हुई है. स्थिति यह है कि बिहार के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे बना हुआ है. दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. पटना के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है. आने वाले दिनों में इससे भी ज्यादा ठिठुरन महसूस होने वाली है. शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति लोगों को और परेशान करेगी. वहीं, बिहार की हवा भी खराब हो गई है. पटना का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया है.
इन जिलों में ज्यादा रहेगा कोहरे का असर
बिहार मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 2 दिनों तक बिहार में मध्यम गति की पछुआ हवा (30 किमी/घंटा) चलने की संभावना है. इससे मौसम में कनकनी बनी रहेगी. साथ ही अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढी, शिवहर, गोपालगंज, सारण, सीवान, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय, पटना, औरंगाबाद, गया, नवादा, सासाराम और कैमूर जिलों के भागों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने के साथ सामान्य से कम तापमान रहने का पूर्वानुमान है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| पटना | 23.1/10.6 | 330 |
| मुजफ्फरपुर | 23.0/9.6 | 254 |
| गयाजी | 24.4/10.3 | 217 |
| पूर्णिया | 26.0/10.4 | 204 |
| भागलपुर | 24.0/10.1 | 205 |
नोट- ( ये आंकड़े मंगलवार के हैं )
कोहरा और ठंडी हवा का असर
अगले 24 घंटों के दौरान गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, पटना, गया नालंदा और नवादा जिलों में ठंड का ज्यादा असर देखने को मिलेगा. यहां का न्यूनतम तापमान 5-10°C के बीच रहने का पूर्वानुमान है. इसके अलावा दूसरे जिलों का तापमान 9-14°C और दिन का तापमान 24-28°C के बीच रहने की संभावना है.
जानें पिछले 24 घंटों के दौरान का तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह के समय कोहरे का असर पहले के मुकाबले अधिक रहा. इस वजह से सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में 400 मीटर दर्ज की गई. दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.1°C किशनगंज में दर्ज हुआ. अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई. वहीं, रात की बात करें तो राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया है. सबसे कम तापमान 6.4°C कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में रिकॉर्ड किया गया है. कैमूर, पूर्वी चंपारण, नवादा, रोहतास, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.