Bihar Top News Live: बिहार के वैशाली में बीती रात आग लगने से 6 घर जलकर खाक हो गए. आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी का काफी देर तक जनरेटर ही चालू नहीं हो सका. तो वहीं, मधेपुरा में 4 तस्करों को 12-12 साल की…और पढ़ें
Bihar Top News Live: बिहार में आज दिन भर होने वाली बड़ी खबरें यहां देखें. बीती रात वैशाली जिले के राघोपुर दियारा में आग भड़क गई. शिव नगर लंका टोला के 6 घर इसमें जलकर खाक हो गए. जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में नंद लाल राय, नौमी राय, राम केवल राय, पप्पू राय, टूना राय, जयमीत राय और बिजनेस राय सहित कई लोगों का घर जल गया. अग्निशमन विभाग के बदहाली की भी कलई खुल गई, जब मौके पर पहुंची दमकल का जेनरेटर स्टार्ट नहीं हुआ. हालांकि, काफी मशक्कत के बाद जेनरेटर स्टार्ट हुआ जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. दूसरी खबर मधेपुरा से है. जहां एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी के सनसनीखेज मामले में अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया. एडीजे थर्ड विकास मिश्रा की अदालत ने तीन वर्ष पुराने इस मामले में चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को 12-12 वर्ष के सश्रम कारावास और एक-एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है. जुर्माना नहीं देने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा. दोषियों में पुरैनी थाना क्षेत्र के भटौनी गांव निवासी सुनील मंडल, उरनी देवी, सुकनी देवी और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी एंबुलेंस चालक राकेश सिंह शामिल हैं.
- PHED मंत्री संजय सिंह का बड़ा दावा- कांग्रेस में होगी टूट!
PHED मंत्री संजय सिंह ने विपक्ष को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक इस समय एनडीए के संपर्क में हैं और मकर संक्रांति के बाद वे एनडीए में शामिल हो सकते हैं. संजय सिंह ने दावा किया कि विपक्ष पूरी तरह कमजोर हो चुका है और उसकी स्थिति विधानसभा के अंदर ही साफ नजर आ गई थी. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस रणनीति है और न ही जनता से जुड़े मुद्दे. मंत्री के अनुसार, आने वाले समय में एनडीए और ज्यादा मजबूत होगा, जबकि विपक्ष की राजनीतिक पकड़ और ढीली पड़ती जाएगी.
- पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई. एहतियातन कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा बलों की टीम पूरे कोर्ट परिसर में सघन जांच कर रही हैं. किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण है और जांच पूरी होने तक अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
- बांका रात में गश्ती के दौरान दरोगा की मौत
बांका जिले के पंजवारा थाना में तैनात दरोगा पुरेन्द्र कुमार सिंह की बीती रात गश्ती के दौरान सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत की घटना सामने आयी है. घटना पंजवारा बाजार स्थित धोरैया चौक की है. घटना के तत्काल बाद पुलिस द्वारा उपचार हेतु बाराहाट सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया. घटना की जानकारी होते ही जिले के सभी वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया. घटना के बाद ट्रक को जब्त करते हुए चालक और खलासी दोनों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.