वहीं, पटना-जहानाबाद सीमा पर मसौढ़ी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. लोरेंस विश्नोई गैंग का शूटर परमानंद हथियारों के साथ गिरफ्तार हुआ. इधर, 10 करोड़ रंगदारी केस में जेडीयू विधायक अनंत सिंह को एमपी-एमएलए कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया. बिहार से जुड़ी बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ बने रहें.
हमने बड़े पैमाने पर भर्ती की: नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने कहा, ‘हमारी सरकार ने बड़े पैमाने पर शिक्षकों की बहाली की है. बीपीएससी के माध्यम से 2 लाख 58 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की गई, जबकि इसके बाद 2 लाख 68 हजार नियोजित शिक्षकों की बहाली हुई. आज बिहार में कुल शिक्षकों की संख्या बढ़कर 5 लाख 24 हजार हो चुकी है. सरकार ने अब तक बिहार में 10 लाख नौकरियां और 40 लाख रोजगार उपलब्ध कराए हैं. अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. मदरसों में कार्यरत शिक्षकों को भी अब अन्य शिक्षकों के समान वेतन दिया जा रहा है. जाति गणना में 94 लाख परिवारों को गरीब के रूप में चिन्हित किया गया है. ऐसे सभी गरीब परिवारों को रोजगार योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा. सरकार का दावा है कि बिहार में कोई भी परिवार गरीब नहीं रहेगा.पुलिस भर्ती में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है और आज देश में सबसे अधिक महिला पुलिस बल बिहार में है’.
सीवान में ब्लास्ट
सीवान जिले में बम बनाने के दौरान हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. यह घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बडरम गांव की है. जानकारी के मुताबिक, बालास्ट और पटाखा बम तैयार किए जा रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. विस्फोट में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान को भारी नुकसान पहुंचा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बता दें कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीवान में समृद्धि यात्रा पर हैं, ऐसे में इस घटना को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
बिहार लोक सेवा आयोग ने साक्षात्कार प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने प्रतियोगिता परीक्षाओं के साक्षात्कार में बड़ा बदलाव किया है. अब साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थी खुद लॉटरी के माध्यम से अपने साक्षात्कार बोर्ड का चयन कर सकेंगे. BPSC ने बताया कि यह कदम साक्षात्कार को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए उठाया गया है. यह नई व्यवस्था एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के प्रथम चरण के साक्षात्कार से लागू कर दी गई है.
नीतीश कुमार की यात्रा आज सीवान में
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के छठे दिन आज सीवान पहुंचेंगे. सबसे पहले वे मैरवा जाएंगे, जहां 568 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री जिले को लगभग 201 करोड़ रुपये की 71 विकास योजनाओं की सौगात देंगे, जिनका शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत मैरवा से होगी, फिर सीएम राजेंद्र स्टेडियम पहुंचकर जनसंवाद और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
पटना में एनकाउंटर
पटना–जहानाबाद सीमा पर वाहन जांच के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. यह मुठभेड़ मसौढ़ी के पास हुई. पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी लोरेंस विश्नोई गैंग का शूटर परमानंद बताया जा रहा है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया. परमानंद झारखंड के लातेहार जिले का रहने वाला है और बिहार–झारखंड में लोरेंस विश्नोई गैंग की गतिविधियों की कमान संभालता है. यह कार्रवाई पुलिस ने ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत की.
अनंत सिंह को राहत
जदयू विधायक अनंत सिंह को दस करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में अदालत से राहत मिली है. एमपी–एमएलए कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में उन्हें बरी कर दिया. यह मामला करीब 11 वर्ष पुराना है, जो वर्ष 2014 में श्रीकृष्णापुरी थाना में दर्ज किया गया था. अदालत ने सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के आरोपों को साबित न हो पाने के कारण अनंत सिंह को दोषमुक्त करार दिया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.