- सरिता हत्याकांड में एसआईटी गठित, दरोगा की गाड़ी को लेकर जांच तेज
छपरा: सरिता हत्याकांड को लेकर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया है. यह टीम सोनपुर के एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच करेगी. इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम भी सबूत जुटाने में लगी हुई है.मामले की जांच के लिए डीआईजी नीलेश कुमार स्वयं सोनपुर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि सरिता का शव फेंकने के लिए जिस गाड़ी का इस्तेमाल हुआ, वह एक दरोगा की स्कॉर्पियो है. डीआईजी ने साफ कहा कि इस मामले में दरोगा की भूमिका की भी गहन जांच की जाएगी. बताया जा रहा है कि न्यूज़ 18 के लगातार अभियान और खुलासों के बाद पुलिस बैक फुट पर आई और जांच की रफ्तार तेज की गई.
- पीएम मोदी के ट्रांजिट विजिट पर क्या बोले दिलीप जायसवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बंगाल जाने के दौरान विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे. पूर्णिया एयरपोर्ट पर उनका ट्रांजिट विजिट हुआ. इसके बाद प्रधानमंत्री तीन हेलीकॉप्टर से मालदा के लिए रवाना हुए. पूर्णिया एयरपोर्ट पर बिहार सरकार के खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, उद्योग व पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल, कमिश्नर, डीएम, एसपी समेत एनडीए के 26 नेताओं ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की. आज प्रधानमंत्री मालदा से देश को पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन कर सौगात देंगे. प्रधानमंत्री करीब 12:00 बजे पूर्णिया हवाई अड्डा पहुंचे. एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री ने सभी नेताओं से मुलाकात किया और इसके बाद तुरंत मालदा के लिए रवाना हो गए. प्रधानमंत्री फिर शाम 4:00 बजे करीब पूर्णिया एयरपोर्ट आएंगे और यहां से विशेष विमान से गुवाहाटी के लिए रवाना हो जाएंगे. प्रधानमंत्री से मिलने के बाद मंत्री दिलीप जायसवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री से आज उन लोगों की मुलाकात हुई. प्रधानमंत्री ने बिहार के बारे में विकास के बारे में पूछा. वह बराबर बिहार की चिंता करते रहते हैं. वे अभी मालदा गए हैं और मालदा में वह देश का पहला स्लीपर वन्दे भारत का उद्घाटन करेंगे.
- मोतिहारी में जनता से क्या बोले CM नीतीश कुमार
मोतिहारी में आज समृद्धि यात्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को संबोधित किया. सीएम नीतीश ने अपने बयान में बिहार में आए बदलावों को गिनाते हुए एक बार फिर 2005 से पहले की सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले बिहार का हाल बेहद खराब था. कानून-व्यवस्था इतनी कमजोर थी कि शाम ढलते ही लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे. न पढ़ाई-लिखाई का माहौल था, न ही सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त थीं. नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद बिहार में विकास के काम तेजी से हुए हैं. पहले हिंदू-मुस्लिम विवाद आम बात थी, लेकिन आज ऐसे झगड़े लगभग खत्म हो चुके हैं. मंदिरों की चारदीवारी और कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, जिससे समाज में अमन-चैन कायम हुआ. अब कोई अराजकता या बेवजह का विवाद नहीं होता. मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी ज़िक्र किया. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में नए स्कूल खोले गए, नियोजित शिक्षकों की व्यापक भर्ती की गई और लड़कियों के लिए पोशाक योजना जैसी योजनाएं शुरू की गईं, जिससे शिक्षा से जुड़ाव बढ़ा. नीतीश कुमार ने कहा कि बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़ा सुधार हुआ है. आज लोगों को वे तमाम सहूलियतें मिल रही हैं, जिनकी बिहार की जनता को लंबे समय से ज़रूरत थी. उन्होंने आगे कहा कि “सात निश्चय-3” के तहत बिहार के विकास के लिए और भी बड़े काम किए जाएंगे। सरकार ने दस लाख नौकरी और दस लाख रोजगार देने का जो वादा किया था, वह पूरा किया जा चुका है। अब आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. साथ ही मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का ज़िक्र करते हुए बताया कि वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है, जिससे कमजोर वर्गों को बड़ी राहत मिली है.
- मोतिहारी में क्या बोले नीतीश के नेता
मोतिहारी में समृद्धि यात्रा के दूसरे दिन एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और बिहार के विकास को लेकर एकजुट होकर बयान दिए. वित्त मंत्री विजय चौधरी ने चंपारण की जनता को एनडीए की शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान जिन योजनाओं की घोषणा की थी, उनकी समीक्षा और ज़मीनी हकीकत देखने के लिए ही समृद्धि यात्रा शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का संकल्प है कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार को विकसित राज्य बनाया जाएगा और इसी लक्ष्य के साथ यह यात्रा चल रही है.
वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार आज तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा. उन्होंने केसरिया में विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज बिहार हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और राज्य का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लगभग पांच दशक के राजनीतिक अनुभव और पिछले 20 वर्षों में बिहार को विकास की राह पर ले जाने के लिए उन्हें विशेष बधाई दी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने से पहले सड़कों की स्थिति क्या थी, यह किसी से छुपा नहीं है, लेकिन आज बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है. इसके साथ ही रक्सौल हवाई अड्डे के जल्द शुरू होने और यहां से हवाई उड़ानों की शुरुआत की बात भी दोहराई गई. केसरिया में स्थापित शिवलिंग स्थल को हर तरह से विकसित करने के मुख्यमंत्री के निर्देशों का भी नेताओं ने स्वागत किया.
- दरभंगा में मजार की चादर में आग लगी
दरभंगा से बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां हजरत शाहिद बाबा की मजार में आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. मजार परिसर में जली हुई चादर समेत अन्य संदिग्ध स्थानों की फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम गहन जांच में जुट गई है. आग लगने के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
पीएम मोदी पहुंचे पूर्णिया एयरपोर्ट, मालदा के लिए रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे. यह उनका ट्रांजिट विजिट था, जिसके दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने किया और उनसे संक्षिप्त मुलाकात भी हुई. इसके बाद प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए पश्चिम बंगाल के मालदा के लिए रवाना हो गए. पीएम के आगमन और प्रस्थान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी.
- मोतिहारी में सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा, महिला आईटीआई में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन
मोतिहारी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. सीएम कुछ ही देर में महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पहुंचेंगे, जहां वे आधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे. यह केंद्र मॉडर्न तकनीकी प्रशिक्षण का हब होगा, जहां वेल्डिंग, इलेक्ट्रिशियन, सिलाई-कढ़ाई और डिजिटल स्किल्स जैसे कोर्स कराए जाएंगे. इसका उद्देश्य खासकर युवतियों को रोजगार के लिए तैयार करना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है. यहां 20 आधुनिक लैब बनेंगी और हर साल 500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा.
- आराः पिकअप-टेंपू की जोरदार टक्कर, टीचर की मौत
आरा के तरारी प्रखंड अंतर्गत सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरौल पेट्रोल पंप के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय शिक्षिका रौशन जहां की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा तेज रफ्तार पिकअप से अचानक अलग हुई मिक्चर मशीन के सामने से आ रहे टेम्पू से टकराने के कारण हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू पलट गया और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक सरपंच भी शामिल हैं. मृतका रौशन जहां दानापुर में शिक्षिका थीं और मां के साथ बच्चों को पोलियो की सुई दिलाने जा रही थीं.
- पटना में राजद की बड़ी बैठक
पटना में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की बैठक बुलाई गई. तेजस्वी यादव के आवास पर होने वाली इस बैठक में सभी नेताओं को बुलाया गया है. कई बड़े राजद नेता उनके आवास पर पहुंच रहे हैं. साथ ही राजद से सभी विधायकों का भी तेजस्वी के आवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है.
- दरभंगा में RSS का हिंदू सम्मेलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के तहत विराट हिंदू सम्मेलन एवं शताब्दी वर्ष संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम तारडीह प्रखंड के जगदीशनारायण ब्रह्मचर्य आश्रम, लगमा में आयोजित हो रहा है. सम्मेलन में आरएसएस के सरकार्यवाह मा० दत्तात्रेय होसबोले मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम का आगाज उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर संघ के शताब्दी वर्ष की उपलब्धियों, विचारधारा और समाज में संघ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
- मुजफ्फरपुर में दो गुटों के बीच पुराने विवाद में चली गोली, एक युवक घायल
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के जियालाल चौक के समीप देर शाम एक बड़ी घटना हुई. दो गुटों के बीच पुराने आपसी विवाद के चलते गोलीबारी हो गई, जिसमें एक युवक को गोली लग गई. घायल युवक की पहचान सुबोध कुमार के रूप में हुई है. गोली उनके पैर में लगी है. घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, यह विवाद वर्ष 2023 से दोनों गुटों के बीच चल रहा था. आज शाम यह विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे गुट के लोगों ने सुबोध कुमार पर फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. अहियापुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है.
- पटना सिटी की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग
पटना सिटी के बाईपास थानाक्षेत्र के NH 30 कर्मली चक स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग जाने से आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दिए जाने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. इस दौरान पांच फायर स्टेशनों की 20 से अधिक दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के जवानों ने हाइड्रोलिक मशीन की मदद से आग पर काबू पा लिया. आग लगी की घटना में 40 से 50 लाख की संपत्ति का नुकसान बताया जाता है, हालांकि नुकसान हुए संपत्ति का बाद में आकलन किया जाएगा. बताया जाता है कि विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज नामक इस प्लास्टिक फैक्ट्री में कुर्सियों का निर्माण किया जाता था. प्लास्टिक फैक्ट्री में दर्जनों मजदूर काम करते थे, गनीमत रही कि आग लगने की इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ.
- भोजपुर पुलिस ने 5 अपराधियों को पकड़ा
भोजपुर पुलिस को अपराध पर अंकुश लगाने में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. नारायणपुर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई है. भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने बताया कि नारायणपुर थाना कांड संख्या 06/26 के तहत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत कुमार गोस्वामी (निवासी तारमठियां, अगियांव बाजार), रिशु कुमार (निवासी अनाइठ, आरा नवादा) और गोविन्द कुमार (निवासी हथेलीपुर मठियां, डुमरांव, बक्सर) शामिल हैं.
- सीवान में 50 लाख की शराब पकड़ी गई
सीवान में उत्पाद विभाग के टीम ने शराब की बड़ी खेप को जब्त किया. करीब 50 लाख मूल्य की विदेशी शराब पकड़ी गई. ये शराब की बड़ी खेप शराब माफिया द्वारा ट्रक से लाई जा रही थी. बिहार यूपी बॉर्डर के रास्ते सीवान में प्रवेश की थी जिसे गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब से लदी ट्रक को जब्त कर लिया. धरनी छापर चेक पोस्ट के आगे उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई की. इसमें करीब 1000 से अधिक शराब की कार्टून है इसका मूल्य करीब 50 लाख रुपए आंका गया. उत्पाद अधीक्षक शशांक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेत ट्रक द्वारा लाई जा रही है.
- नीट छात्रा दुष्कर्म कांड से जुड़ा बड़ा अपडेट
पटना के नीट छात्रा दुष्कर्म कांड में गिरफ्तार मनीष रंजन को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं. मनीष रंजन जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत जगपुरा पंचायत का रहने वाला है और शंभू गर्ल्स हॉस्टल का मकान मालिक बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक वह इस बार मुखिया चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था. बताया जा रहा है कि चुनाव लड़ने के लिए उसे हॉस्टल संचालक श्रवण अग्रवाल का आर्थिक समर्थन हासिल था और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. सूत्रों का यह भी कहना है कि मामले में जल्द ही हॉस्टल संचालक श्रवण अग्रवाल की गिरफ्तारी हो सकती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.