पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर बंचारी गांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर चालक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बंचारी गांव निवासी सतपाल ने अपनी शिकायत में कहा कि वह और उनके पिता रतन सिंह खेतों से काम कर घर लौट रहे थे। उनके पिता ट्रैक्टर चला रहे थे और सतपाल उनके पीछे बाइक पर थे। शिकायत के अनुसार, रात करीब 12:50 बजे जब रतन सिंह ट्रैक्टर लेकर बंचारी गांव में बिजली घर के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह फुटपाथ से टकरा गया। टक्कर के कारण रतन सिंह ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर गिर गए और उनकी गर्दन में गंभीर चोटें आईं। सतपाल ने एक ऑटो चालक की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बड़े अस्पताल ले जाते समय पलवल पुलिस लाइन के पास रतन सिंह ने दम तोड़ दिया। इसके बाद सतपाल अपने पिता को जिला नागरिक अस्पताल पलवल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। सुबह पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.