पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी व बरामद की गई बाइकें।
पलवल में सीआईए हथीन ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दस बाइकें बरामद की हैं। यह गिरोह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित अन्य राज्यों से वाहनों की चोरी करता था।
जिला मुख्यालय डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि सीआईए (एवीटी) हथीन प्रभारी पीएसआई दीपक गुलिया को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर, भरतपुर (राजस्थान) के सहसन गांव निवासी आसिक और युनुस नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इंजन और चेसिस नंबर मिटाए
आरोपियों से बरामद बाइकों में से एक बाइक 2 जनवरी को जयंती मोड़, हथीन से चोरी हुई थी। इस संबंध में खिल्लुका गांव निवासी शाहबी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई नौ अन्य बाइकें बरामद करवाईं। कुल दस बाइकें बरामद हुई हैं। इनमें से तीन बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर मिटाए गए थे।
अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद
सीआईए हथीन प्रभारी दीपक गुलिया ने बताया कि आरोपियों आसिक और युनुस से अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे उनके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी, ताकि उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.