Palamu Tourist Spot: नए साल में लोग पिकनिक मनाने और घूमने फिरने निकलते है. इस जश्न को इस बार अगर आप शहर की भीड़ और शोरगुल से दूर, प्रकृति की गोद में मनाना चाहते हैं तो झारखंड का बेतला नेशनल पार्क आपके लिए खास विकल्प बनकर उभरा है. यहां पर बिताया पल यादगार हो जाएगा.
प्राकृतिक सौंदर्य का अनुठा ठिकाना
बेतला नेशनल पार्क के मुख्य गेट से नेतरहाट जाने वाले मार्ग पर करीब चार किलोमीटर दूर बक्सा मोड़ के पास तीन मड हाउस बनाए गए हैं, जिनके ऊपर खूबसूरत ट्री हाउस का निर्माण किया गया है. मिट्टी और लकड़ी से बने ये घर पर्यावरण के अनुकूल हैं और जंगल के प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पूरी तरह घुले-मिले नजर आते हैं.
सैलानियों के लिए आधुनिक सुविधा
इन मड और ट्री हाउस में ठहरने वाले सैलानियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है. एसी, गीजर, आरामदायक बेड और सुरक्षित वातावरण के साथ यहां रात बिताने की व्यवस्था की गई है. हाउस की बुकिंग पलामू टाइगर रिजर्व की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है, वहीं बेतला पार्क के रिसेप्शन पर भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. एक हाउस का किराया प्रतिदिन 2000 से 3000 रुपये के बीच रखा गया है. जिसे आप पलामू टाइगर रिजर्व के वेबसाइट पर जाकर बुक कर सकते है.
यह अनुभव होगा यादगार
जंगल के बीच बने इन आवासों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां से पर्यटक जंगल की खूबसूरती को बेहद करीब से महसूस कर सकते हैं. सुबह पक्षियों की चहचहाहट, दिन में हरियाली से भरा नज़ारा और रात में जंगल की रहस्यमयी शांति—यह अनुभव अपने आप में यादगार है. मड और ट्री हाउस के आसपास जंगली जानवरों को देखने का भी मौका मिल सकता है, हालांकि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गार्ड की तैनाती और अन्य पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
खाने को मिलेगा ये टेस्टी आइटम
बक्सा मोड़ पर पतई-पतल रेस्टोरेंट चलाने वाले शिव बचन कुमार के अनुसार, यहां ठहरने वाले सैलानियों के लिए पारंपरिक पतल में परोसा जाने वाला सादा और स्वादिष्ट भोजन भी आकर्षण का केंद्र है. वेज और नॉनवेज दोनों तरह की थाली उचित दामों में उपलब्ध है, साथ ही बोन फायर और चिकन कबाब की सुविधा भी दी जा रही है.
पर्यटकों की मांग से ये पहल शुरू
टूरिज्म ऑफिसर विवेक तिवारी का कहना है कि पर्यटकों की मांग को देखते हुए यह पहल की गई है. आने वाले समय में यह बेतला को इको-टूरिज्म के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगी. नए साल में अगर आप प्रकृति, शांति और रोमांच का अनूठा संगम चाहते हैं, तो बेतला के ये मड और ट्री हाउस आपके लिए यादगार पल संजोने को तैयार हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.