Palamu Makar Sankranti Mela: पलामू के वृत्त खैरा गांव स्थित श्री राधा कृष्ण वेणुगोपाल मंदिर में 14 से 18 जनवरी तक मकर संक्रांति मेला आयोजित होता है. इसमें देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं जिन्हें मुफ्त रहने की सुविधा मिलती है. यहं बच्चों से लेकर बड़ों तक के मनोरंजन का ध्यान रखा जाता है.
70 साल पुराना मंदिर
स्थानीय निवासी एन. बी. सिंह ने बताया कि पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित यह मंदिर 70 वर्षों से भी अधिक पुराना है. मंदिर की स्थापना वर्ष 1950 में त्रिदंडी स्वामी जी महाराज द्वारा की गई थी. मंदिर के पुजारी उदय नारायण दुबे के अनुसार, यहां भगवान वेणुगोपाल के साथ श्री देवी, भू देवी, शालिग्राम, ठाकुर जी और लड्डू गोपाल विराजमान हैं. मंदिर के द्वार पर जय-विजय पहरदार तथा हनुमान जी सेवक के रूप में स्थापित हैं. साथ ही मंदिर परिसर में त्रिदंडी स्वामी जी का भी दरबार है. मंदिर का पट सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 3 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहता है.
यहां होती है हर मुराद पूरी
पुजारी ने बताया कि वेणुगोपाल धाम में मांगी गई मुरादें पूरी होने की मान्यता है, इसी कारण यहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मंदिर में साल में चार प्रमुख आयोजन गुरु पूर्णिमा, कृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी और मकर संक्रांति पर विशेष कार्यक्रम होते हैं. मकर संक्रांति के अवसर पर पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ उत्सव का आनंद लेते हैं.
14 से 18 जनवरी तक मेला
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष मेले में बच्चों के लिए मिक्की माउस, जंपिंग झूले और छोटे झूले लगाए जा रहे हैं, जबकि बड़ों के लिए चरखा, ब्रेक डांस और ड्रैगन झूला आकर्षण का केंद्र होंगे. इसके साथ ही इस बार सर्कस की भी तैयारी है. मेला 14 जनवरी से 18 जनवरी तक चलेगा.
रहने-खाने की मुफ्त सुविधा
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में निःशुल्क ठहरने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध है. मंदिर परिसर में 22 कमरे हैं, जहां दूर-दराज से आए भक्त ठहर सकते हैं. वहीं मंदिर परिसर करीब 2 एकड़ में फैला है और मंदिर के नाम पर 65 एकड़ भूमि है. इस तरह मकर संक्रांति पर वेणुगोपाल धाम का यह मेला आस्था, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.