Jharkhand Wildlife Tourism Updates: झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) अंतर्गत बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है. पर्यटकों को बेहतर और प्राकृतिक वन्यजीव अनुभव देने के उद्देश्य से अब पार्क के अंदर सिर्फ ओपन हुड (खुली) सफारी गाड़ियों से ही जंगल सफारी कराई जा रही है. पुरानी बंद कारों और एसयूवी वाहनों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
ओपन सफारी से मिलेगा असली जंगल अनुभव
पर्यटन विभाग के अनुसार ओपन गाड़ियों से सफारी कराने का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों के और करीब लाना है. टूरिज्म ऑफिसर विवेक तिवारी ने बताया कि नए साल के साथ पर्यटकों के लिए नई सुविधाएं शुरू की गई हैं. फिलहाल 30 से अधिक रजिस्टर्ड ओपन सफारी वाहन पार्क में संचालित किए जा रहे हैं. सभी गाड़ियां स्थानीय संचालकों की हैं और प्रशिक्षित ड्राइवर व मान्यता प्राप्त गाइड की निगरानी में सफारी कराई जाती है. बाहरी या निजी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित कर दिया गया है.
टिकट दर और बुकिंग की व्यवस्था
जंगल सफारी के लिए पर्यटकों को पार्क गेट पर मौजूद ओपन सफारी जीप का स्लॉट बुक करना अनिवार्य है. एक जीप का कुल शुल्क 2450 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें करीब 1.5 घंटे (90 मिनट) की जंगल सफारी, ड्राइवर और गाइड की सुविधा शामिल है. एक गाड़ी में एक बार में अधिकतम 6 पर्यटक सफारी कर सकते हैं. इस हिसाब से प्रति व्यक्ति खर्च लगभग 408 रुपये पड़ता है, जो पर्यटकों के लिए किफायती माना जा रहा है.
सफारी का समय और सुविधाएं
बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी का समय सुबह 06:00 बजे से 10:00 बजे तक और दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक तय किया गया है. पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्क परिसर में वेटिंग हॉल की व्यवस्था भी की गई है, जहां वे अपने निर्धारित समय का इंतजार कर सकते हैं. मेंटेनेंस के कारण हर मंगलवार को पार्क बंद रहता है.
कैसे पहुंचें बेतला नेशनल पार्क
राजधानी रांची से बेतला नेशनल पार्क सड़क और रेल दोनों मार्गों से आसानी से पहुंचा जा सकता है.नरेल मार्ग से रांची से डाल्टनगंज स्टेशन उतरकर टैक्सी के जरिए बेतला पहुंचा जा सकता है. सड़क मार्ग से एनएच-39 पर रांची–डाल्टनगंज मार्ग में दुबियाखाड़ से बाईं ओर मुड़कर करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर पार्क पहुंचा जा सकता है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.