बिहार में बर्फीली हवा ने कनकनी और ज्यादा बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को 38 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पटना, भोजपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 20 से ज्यादा शहरों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी जीरो है। लोग सड़कों पर गाड़ी की लाइट जलाकर चल रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, ठंडी पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। 8 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच गया है।
बीते 24 घंटे में पटना, जहानाबाद, बेतिया, बगहा, समस्तीपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा दिखा। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और नीचे जा सकता है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ेगी।
मौसम से जुड़ी तस्वीरें देखिए…
आरा में घने कोहरे की वजह से जीरो विजिबिलिटी है।

आरा रेलवे स्टेशन पर ठंड से बचने के लिए कंबल ओढ़कर बैठे लोग।

बगहा में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया है।
कोहरे के कारण हैदराबाद-दरभंगा फ्लाइट डायवर्ट
शुक्रवार को घने कोहरे होने के कारण हैदराबाद से दरभंगा आ रही फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट किया गया है। 100 से ज्यादा यात्री कोलकाता में फंस गए। यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर ही हंगामा शुरू कर दिया।
हैदराबाद से दरभंगा आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 537 को निर्धारित समय दोपहर 2.05 बजे दरभंगा में उतरना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। दरभंगा उतरने वाले यात्री अचानक कोलकाता पहुंच गए।

घने कोहरे होने के कारण हैदराबाद से दरभंगा आ रही फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट किया गया।

फ्लाइट डायवर्ट होने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
पहाड़ों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसका असर प्रदेश के ऊपर पड़ रहा है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका परिणाम यह है कि दिन-रात शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।

पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी में भी ठंड अधिक महसूस की जा रही है। आज सुबह में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
आने वाले 4-5 दिनों तक कोई राहत नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। खासकर उत्तर, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की सलाह दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.