पटना में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। पटना सिटी स्थित चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े 62 वर्षीय मोहम्मद रईस की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना अति व्यस्त सड़क स्थित बक्शी मैदान के नजदीक हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। करीब दो घंटे तक लाश पड़ी रही लेकिन इसे कोई देखने वाला नहीं था। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। मृतक की पहचान मोहम्मद रईस (62) के रूप में हुई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
रईस की किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद रियाज ने बताया कि रईस की किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वे पांचों वक्त के नमाजी थे और बेहद सीधा-सादा जीवन जीते थे। हमें समझ नहीं आ रहा कि आखिर किसने और क्यों उनकी हत्या की। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले की गंभीरता से जांच करे और हत्यारे की गिरफ्तारी कर उसे कड़ी सजा दिलवाए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
Bharat Band News: पटना समेत कई जिलों में ट्रेड यूनियन का हड़ताल, बैंककर्मी भी सड़क पर; वामदल ने दिया समर्थन
जानिए पटना पुलिस ने क्या कहा?
चौक थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एफएसएल टीम की मदद से जांच करवाई जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।