सिरोही जिले में आबूरोड सदर पुलिस थानांतर्गत सिरोही-पालनपुर फोरलेन पर रविवार सवेरे ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा माधव यूनिवर्सिटी के पास हुआ। सूचना मिलते ही एलएनटी पेट्रोलिंग टीम और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
सिरोही जा रहे थे कार सवार
पुलिस के अनुसार, कार में सवार विक्रम प्रजापत और हितेश प्रजापत रविवार सुबह करीब 5 बजे आबूरोड की ओर से सिरोही जा रहे थे। माधव यूनिवर्सिटी के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उसमें फंस गए।
यातायात हुआ प्रभावित
दुर्घटना के बाद मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में उपचार, एक को किया रेफर
सूचना मिलने पर एलएनटी पेट्रोलिंग टीम और आबूरोड सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेस से आकराभट्टा स्थित उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। मृतक के शव को मोर्चरी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ट्रक चालक फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। बाद में क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.