भास्कर न्यूज | अमृतसर कत्थूनंगल बाइपास पर कार सवार से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। एक्सीडेंट का बहाना बनाकर 8-9 युवकों ने कार सवार को पहले मारपीट करके घायल कर दिया और फिर सोने की चेन और कैश लूट कर फरार हो गए। घायल दविंदर सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं पीड़ित का बयान लेने अस्पताल पहुंचे सब इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें कत्थूनंगल बाइपास के पास हुए एक्सीडेंट की शिकायत मिली थी। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है और बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को दी शिकायत में घायल दविंदर सिंह ने बताया कि अमृतसर के रहने वाले हैं और कार में जम्मू से लौट रहे थे। रविवार रात करीब 9 बजे जब कत्थूनंगल बाइपास के पास पहुंचे तो अचानक सड़क पर कुछ गाड़ियां खड़ी मिलीं। जब उसने गाड़ी रोकने की कोशिश की तो उसकी गाड़ी वहां खड़ी दूसरी गाड़ी से टकरा गई। इसके बाद अचानक 8-9 लोग मौके पर आ गए। पीड़ित के मुताबिक, उन लोगों ने पहले उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर उसे बुरी तरह पीटा। इस दौरान आरोपियों उसके गले की सोने की चेन, कैश और गाड़ी में रखे जरूरी कागजात भी लूट लिए। दविंदर ने बताया कि बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर घर पहुंचा और परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस से अपील की है कि सड़क पर एक्सीडेंट का बहाना बनाकर लूटपाट करने वाले गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पीड़ित दविंदर सिंह की कार में की तोड़फोड़।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.