रांची में बसंत पंचमी के अवसर पर झारखंड भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधिवत रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन किया और संगठन की मजबूती तथा राज्य के कल्याण की कामना की।
प्रदेश कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर आदित्य साहू का भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय परिसर भाजपा के झंडों और नारों से गूंज उठा। उन्हें बधाई देने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
संगठन को धारदार बनाने का संकल्प
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में भाजपा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त व धारदार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत है और सभी को साथ लेकर राज्य की जनविरोधी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
पढ़ें- Jharkhand: खरमास खत्म, कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज; दिल्ली में डटे विधायक
अनुशासन, सम्मान और संवाद पर जोर
आदित्य साहू ने स्पष्ट किया कि संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं का सम्मान और जनता से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, अरुण कुमार झा, प्रशुराम, संजय कुमार जायसवाल, शिवपूजन पाठक, वरुण साहू, प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड भाजपा को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.