कोडरमा के सूरज गुप्ता अपनी अद्भुत याददाश्त के लिए ‘मोबाइल डायरेक्टरी’ के नाम से मशहूर हैं. उन्हें अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक के 7500 नंबर याद हैं. वे 5-अंकों की विशेष सीरीज ट्रिक से नंबर दिमाग में फिट करते हैं. उनकी इस प्रतिभा के लिए उन्हें सीएम हेमंत सोरेन भी सम्मानित कर चुके हैं.
दिमाग में तैयार किया नंबरों का सीरीज
स्थानीय लोगों के बीच सूरज चलता-फिरता मोबाइल डायरेक्टरी के नाम से भी जाने जाते हैं. जब भी किसी व्यक्ति को किसी जनप्रतिनिधि, अधिकारी या परिचित का मोबाइल नंबर चाहिए होता है और वह नंबर उपलब्ध नहीं होता, तो लोग सीधे सूरज से संपर्क करते हैं. आश्चर्य की बात यह है कि सूरज बिना किसी डायरी या मोबाइल की मदद के तुरंत सही नंबर बता देते हैं. विशेष बातचीत में सूरज गुप्ता ने बताया कि उन्हें बचपन से ही मोबाइल नंबर याद रखने का शौक था. उस समय लोग महत्वपूर्ण नंबरों को डायरी या कागज पर लिखकर रखते थे. बार-बार नंबर खोजने की परेशानी से बचने के लिए उन्होंने एक अलग तरीका अपनाया. उन्होंने अपने दिमाग में पांच अंकों की एक विशेष सीरीज तैयार की और उसी आधार पर नंबरों को याद रखना शुरू किया. उनका कहना है कि किसी भी मोबाइल नंबर के अंतिम पांच अंकों को याद रखते ही उन्हें पूरा नंबर स्वतः याद आ जाता है.
फर्राटेदार अंदाज में बता देते हैं कई नंबर
सूरज का दावा है कि उन्हें लगभग 7500 मोबाइल नंबर याद हैं. उनके इस दावे की सत्यता जांचने के लिए कई बार सार्वजनिक रूप से उनका परीक्षण भी किया गया. एक साथ प्रखंड के मुखिया, जिला प्रशासन के अधिकारियों, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, यहां तक कि सांसद, विधायक और मुख्यमंत्री तक के मोबाइल नंबर पूछे गए. सूरज ने बिना रुके और बिना किसी हिचकिचाहट के सभी नंबर फर्राटेदार अंदाज में बता दिए. इस दौरान उन्हें कुछ नए मोबाइल नंबर भी एक बार दिखाए गए. बाद में अलग-अलग क्रम और तरीके से पूछे जाने पर उन्होंने वे नंबर भी सटीक रूप से दोहरा दिए. उनकी यह क्षमता लोगों को हैरत में डाल देती है. सूरज का कहना है कि एक बार जो नंबर उनकी मेमोरी में सेव हो जाता है. वह उसे कभी नहीं भूलते.
मुख्यमंत्री और उपायुक्त कर चुके हैं सम्मानित
उन्होंने बताया कि उनकी इस अनोखी प्रतिभा को वर्ष 2014 में राज्य स्तर पर भी सराहा गया था. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कोडरमा के तत्कालीन उपायुक्त शिव शंकर तिवारी ने उन्हें उनके विशेष मेमोरी टैलेंट के लिए सम्मानित किया था. यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बना.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.