पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश रविवार देर शाम दो दिवसीय दौरे पर औरंगाबाद पहुंचे। दाउदनगर के ठाकुर बीघा से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मंत्री सीधे ओबरा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। रात होने के चलते मंत्री ने टॉर्च की रोशनी में निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। समय पर काम पूरा करने के निर्देश मंत्री ने कहा कि वे पूरे राज्य का भ्रमण कर अधूरी योजनाओं की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में औरंगाबाद पहुंचे हैं, ताकि पंचायत सरकार भवन सहित अन्य योजनाओं की वास्तविक प्रगति की जानकारी मिल सके। पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की रीढ़ है। इसके माध्यम से आम जनता को एक ही परिसर में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी, इसलिए इसका निर्माण मजबूत, टिकाऊ और तय मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने और समय-सीमा के भीतर इसे पूरा कराने का निर्देश दिया। जनप्रतिनिधियों को आर्म्स लाइसेंस देने की प्रक्रिया में आएगी तेजी मंत्री दीपक प्रकाश ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पूर्व में जनप्रतिनिधियों को सुरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस देने की घोषणा की गई थी। अब इस दिशा में विभागीय स्तर पर प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। जो जनप्रतिनिधि इसके योग्य हैं। जिन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है, उनके आवेदनों की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उन्हें नियमानुसार लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा। दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश दो दिन के औरंगाबाद दौरे पर हैं। रविवार को अरवल होते हुए औरंगाबाद पहुंचे। ओबरा में निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद टेंगरा में रात्रि भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। सोमवार सुबह कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद 10 बजे विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.