नोएडा सेक्टर 78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी में लावारिस कुत्तों ने सोसाइटी में रहने वाले पांच साल के सचित पर हमला कर दिया। बच्चे के सिर में गहरा घाव हुआ है। घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वहीं, घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। सचित के पिता रोहित चावला ने बताया कि बेटा दुकान से चॉकलेट लेकर वापस आ रहा था।
रास्ते में बैठे दो लावारिस कुत्तों ने अचानक सचित पर हमला कर दिया। एक कुत्ते ने बच्चे का पैर मुंह में दबा लिया, वहीं दूसरे ने सिर पर हमला किया, जिससे बच्चा जमीन पर गिर गया। कुत्तों ने बच्चे को घसीटने की भी कोशिश की, तभी आसपास के लोगों ने भागकर कुत्तों से बच्चे को छुड़वा लिया।
उधर, सोसाइटी के निवासी किशोर कुणाल ने बताया कि कुत्ते काटने के मामले सोसाइटी में लगातार बढ़ रहे हैं। इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण की ओर से भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। सोसाइटी में लावारिस कुत्तों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है।
लावारिस कुत्ते पहुंचा रहे वाहनों को नुकसान, लोग कांटेदार कवर लगा रहे
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में लोग लावारिस कुत्तों से परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि लावारिस कुत्ते रोजाना गाड़ी की छत, गेट और बोनट पर स्क्रैच मार देते हैं, जिससे काफी नुकसान हो रहा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमेें कुत्ते वाहनों को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।
एओए अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि कई लोगों ने कुत्तों से अपने वाहन बचाने के लिए कांटेदार कवर भी लिए हुए हैं, लेकिन लावारिस कुत्ते उनको भी फाड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब लोग अपने वाहन के पास जाते हैं, तो कुत्ते उन पर हमला कर उन्हें काट लेते हैं।
एओए लीगल एडवाइजर अमित कुमार ने बताया कि आम्रपाली सेंट्रल पार्क सोसाइटी के बेसमेंट में जगह-जगह पर लावारिस कुत्ते बैठे रहते हैं। कुत्ते रोज करीब चार से पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.