मेवाड़ के भीलवाड़ा जिले में कोटड़ी स्थित प्रसिद्ध चारभुजा नाथ मन्दिर में आयोजित रंगोत्सव के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से जेवरात चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह की कार्यप्रणाली इतनी असामान्य थी कि पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। गिरोह की महिलाएं जेवर चोरी करने के बाद पकड़े जाने के डर से उन्हें मौके पर ही निगल जाती थीं, ताकि तलाशी के दौरान कोई सबूत न मिल सके। पुलिस ने इस मामले में बाछड़ा गैंग की सात महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
मंदिर में उमड़ी भीड़ के बीच हुई वारदात
घटना चारभुजा नाथ मन्दिर में आयोजित रंगोत्सव के दौरान की है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह की महिलाओं ने कई महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन पार करने की कोशिश की। मंदिर परिसर में मौजूद कुछ महिलाओं की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
प्रारंभिक तलाशी में नहीं मिला कोई सबूत
पुलिस द्वारा प्रारंभिक तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कोई आभूषण बरामद नहीं हुआ। हालांकि पूछताछ के दौरान पुलिस का संदेह बढ़ता गया। इसके बाद एक आरोपी महिला सपना का एक्स-रे करवाया गया। एक्स-रे रिपोर्ट सामने आने पर डॉक्टरों और पुलिस दोनों हैरान रह गए, क्योंकि महिला के पेट के अंदर धातु के आभूषण स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।
अस्पताल में विशेष प्रक्रिया से निकाले गए आभूषण
इसके बाद आरोपी महिला को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने विशेष प्रक्रिया के माध्यम से उसके पेट से सोने का मंगलसूत्र और छह मोती बाहर निकलवाए। इस घटना के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी स्पष्ट होने लगी।
भीड़भाड़ वाले आयोजनों को बनाते थे निशाना
कोटड़ी थाना प्रभारी महावीर प्रसाद के अनुसार यह गिरोह विशेष रूप से मेलों, धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों को निशाना बनाता था। मंदिर में दर्शन के लिए आई महिलाओं के गले से चेन या मंगलसूत्र काटने के बाद यदि किसी को शक हो जाता या पीड़ित महिला शोर मचा देती, तो आरोपी तुरंत जेवर निगल जाती थीं। इससे तलाशी के दौरान कोई सबूत नहीं मिलता और आरोपी आसानी से बच निकलती थीं।
पढ़ें- Rajasthan News: दुबई से बनी फर्जी ई-मेल से खुला खेल कोटा घोटाला, SOG ने 20 आरोपी किए गिरफ्तार; जानें
मध्यप्रदेश के नीमच जिले से जुड़ा गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार की गई सभी महिलाएं मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा क्षेत्र की रहने वाली हैं और लंबे समय से इस तरह की वारदातों में सक्रिय थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार महिलाओं में सपना पत्नी गोल्डी बाछड़ा, शानु पिता बाबूलाल बाछड़ा, वर्तिका पत्नी अमित बाछड़ा, बरजीबाई पत्नी दयाल बाछड़ा, बसंती पत्नी फूलचंद बाछड़ा, मैना पत्नी भालू सिंगावल और पायल पत्नी गोलू बाछड़ा शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
अन्य वारदातों की भी जांच
कोटड़ी पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आमजन, विशेषकर धार्मिक आयोजनों और मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़ में अपने कीमती आभूषणों और सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.