हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार को यात्रियों से भरी पंजाब के प्राइवेट वॉल्वो बस के साथ हादसा हो गया। यह हादसा पानीपत-दिल्ली नेशनल हाईवे पर राई फ्लाईओवर के सामने खराब खड़े ट्रक से टकराने के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह बस शुक्रवार की देर रात अमृतसर से चली थी, जिसकी रफ्तार तेज थी। हाईवे पर वह ट्रक में पीछे से टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें बस के कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटो के बीच ही फंस गए, जिन्हें बस के शीशे काटकर खिड़की के रास्ते बाहर निकाला गया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस में फंसे यात्री बाहर निकलने के लिए रास्ता तलाश करते दिख रहे है। उधर, हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों का सिविल हॉस्पिटल भिजवाया गया, जहां से ड्राइवर को रोहतक मेडिकल रेफर किया गया है। नेशनल हाईवे पर हुए हादसे के कुछ PHOTOS… यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा… पंजाब के अमृतसर से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही थी बस : पुलिस के अनुसार, यह प्राइवेट वोल्वो बस पंजाब के अमृतसर से शुक्रवार की रात 11:15 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के लिए रवाना हुई थी। सवारियों को बताया गया था कि बस सुबह 6:10 बजे पर कश्मीरी गेट पहुंचेगी। अमृतसर के ही रहने वाला ड्राइवर निकेश और कंडक्टर अमन इसे लेकर चले थे। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। नेशनल हाईवे पर हाईवे पर खराब खड़े ट्रक से टकराई बस : हादसा शनिवार को सुबह 5.30 बजे से 6 बजे के बीच हुआ। बस जैसे ही पानीपत से दिल्ली की ओर नेशनल हाईवे-44 पर सोनीपत में राई फ्लाईओवर के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकरा गई। बस ड्राइवर को समय रहते स्थिति का अंदाजा नहीं हो सका। तेज रफ्तार के कारण बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। कंडक्टर की मौके पर मौत, ड्राइवर सहित कई घायल : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें बस कंडक्टर अमन की मौत हो गई है, जबकि ड्राइवर निकेश भी गंभीर रूप से घायल है। इसके अलावाएक ही परिवार के दीपक मल्होत्रा, दिवाकर मल्होत्रा और सुषमा मल्होत्रा सहित कई यात्री भी घायल हो गए। दीपक मल्होत्रा अपने परिवार के साथ अमृतसर से शादी समारोह से वापस दिल्ली लौट रहे थे। यात्रियों में मची चीख पुकार, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया : उधर, हादसा होते हुए बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस भी आ गई। इसके बाद पुलिस ने राहत और बचाव कार्य करते हुए ड्राइवर सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से ड्राइवर की हालत गंभीर देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे के बाद राई थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर यातायात को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को सर्विस लेन से निकाला। इसके साथ ही पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कराया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
इस मामले में सोनीपत पुलिस का कहना है कि मृतक कंडक्टर अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे का कारण सामने आ रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक किन परिस्थितियों में हाईवे पर खड़ा था और क्या आवश्यक सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं। हादसे को लेकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ————– ये खबर भी पढ़ें… लुधियाना के सेल्समैन की हादसे में मौत:ब्रेड कंपनी में करता था काम, हरियाणा के यमुनानगर में गार्डर लदे ट्राले से टक्कर, छाती में गंभीर चोट पंजाब के लुधियाना के रहने वाले व्यक्ति की हरियाणा यमुनानगर में सड़क हादसे दौरान मौत हो गई। मरने वाला व्यक्ति चंडीगढ़ रोड स्थित बोन ब्रेड में सेल्समेन और ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह हरियाणा में ब्रेड की गाड़ी लेकर गया था। (पूरी खबर पढ़ें)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.