खैरथल-तिजारा में राजस्थान पटवार संघ जिला शाखा के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इस दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें कर्ण सिंह यादव को जिलाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया तहसील परिसर खैरथल में संपन्न हुई। यह चुनाव चुनाव अधिकारी राकेश चौधरी, जिलाध्यक्ष कानूनगो संघ खैरथल-तिजारा, और लेखराज गुर्जर, जिलाध्यक्ष पटवार संघ कोटपूतली-बहरोड़, के संयुक्त निर्देशन में कराए गए। जिलेभर से पटवारियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिकांश पदों के लिए मतदान हुआ, जबकि दीपक धवन को उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद कर्ण सिंह यादव को जिलाध्यक्ष चुना गया। राहुल यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ललित कुमार मंत्री, खुशीराम संयुक्त मंत्री, अजय सिंह संगठन मंत्री और हेमन्त कुमार कोषाध्यक्ष चुने गए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष कर्ण सिंह यादव ने कहा कि संगठन की एकता बनाए रखना, पटवारियों की लंबित समस्याओं का समाधान और कर्मचारी हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने नई कार्यकारिणी के सभी साथियों को साथ लेकर सकारात्मक कार्य करने का भरोसा दिलाया।
चुनाव अधिकारी राकेश चौधरी और लेखराज गुर्जर ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुआ यह चुनाव संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। चुनाव के दौरान तहसील परिसर में अनुशासन और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.