नीमच में भादवामाता क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला कमली बाई भील ने कांग्रेस नेता मधु बंसल पर जमीन हड़पने और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि नेता ने फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री करवाई और बैंक खाते से पैसे भी निकाल लिए। बुजुर्ग महिला का आरोप है कि मधु बंसल और उनके पति ने 25 लाख रुपए में जमीन का सौदा किया था, लेकिन रजिस्ट्री के वक्त उन्हें एक रुपया भी नहीं मिला। महिला ने बताया कि उनके नाम पर शहर के एक बैंक में खाता खुलवाया गया था, जिसकी पासबुक मधु बंसल के पास ही थी। आरोप है कि खाते में आए पैसे निकाल लिए गए और अब उसमें सिर्फ 11 हजार रुपए बचे हैं। इसके अलावा, आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक करवाकर वृद्धावस्था पेंशन हड़पने का भी आरोप लगाया गया है। राजनीतिक रसूख और सुनवाई न होने की शिकायत कमली बाई का कहना है कि वह पिछले तीन महीनों से दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन मधु बंसल के राजनीतिक रसूख की वजह से उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने मांग की है कि जमीन की रजिस्ट्री रद्द की जाए और धोखाधड़ी का केस दर्ज हो। मधु बंसल ने आरोपों को बताया ब्लैकमेलिंग दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता मधु बंसल ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने कलेक्टर की अनुमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही जमीन खरीदी थी। उनके पास लेनदेन के सबूत और गवाहों के दस्तखत भी हैं। मधु बंसल का आरोप है कि उन्होंने वह जमीन आगे बेच दी है, इसलिए अब लालच में आकर उन्हें बदनाम और ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.