नवादा जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रोह थाना क्षेत्र के गोरहारी गांव निवासी राजेंद्र मिस्त्री के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मिस्त्री की अज्ञात अपराधियों ने अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बधार में ले जाकर जलाया गया, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक अशोक मिस्त्री पेशे से झोलाछाप डॉक्टर था और पिछले करीब 10 वर्षों से कोसी गांव में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में प्रैक्टिस कर रहा था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को घर लौटने के दौरान अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया। देर रात कोसी गांव के बधार में उसकी निर्मम हत्या कर दी गई और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।
शुक्रवार की सुबह जब कोसी बधार से जले हुए शव के अवशेष बरामद किए गए, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक के शव को कई हिस्सों में काटकर जलाया गया है, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इधर, इस नृशंस हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने नवादा–रोह पथ को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें: चाची के निधन के बाद मंदिर में हुई भतीजी की शादी, फिर हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी ने पति के गायब होने को लेकर शुक्रवार सुबह रोह थाना में सनाह दर्ज कराया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान किया जा रहा है। हत्या के पीछे की वजह क्या है और इतनी बेरहमी से वारदात क्यों की गई, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.