आने वाले होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने और जिले में पूरी तरह से शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, नालंदा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आज शाम को विभाग की ओर से जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य बाजारों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस अभियान के जरिए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तत्वों को सख्त संदेश दिया गया है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधीक्षक ने खुद संभाली कमान फ्लैग मार्च का नेतृत्व स्वयं मद्यनिषेध अधीक्षक, नालंदा लाला अजय कुमार सुमन ने किया। उनके साथ उत्पाद थाना के एसएचओ मुन्ना कुमार, अन्य विभागीय पदाधिकारी और भारी संख्या में सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे। टीम ने नगर के संवेदनशील इलाकों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और मुख्य सड़कों पर पैदल और गाड़ी के माध्यम से गश्त की और आमजन को शराबबंदी कानून के प्रति जागरूक किया। पकड़े जाने पर 10 साल तक की सजा अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी लागू है और शराब का निर्माण, भंडारण, बिक्री या सेवन करना एक गंभीर कानूनी अपराध है। अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए बताया कि शराब के साथ पकड़े जाने पर दोषी को 10 साल तक की जेल हो सकती है। इसके साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए बताया गया कि जहरीली शराब के सेवन से अंधापन, गंभीर बीमारियां और यहां तक कि मौत भी हो सकती है। सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने में मदद करें। यदि कहीं भी शराब का निर्माण या बिक्री हो रही है, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 पर सूचना दें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि होली के दौरान यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.