उत्तराखंड सरकार ने शीतकालीन पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए लद्दाख मॉडल अपनाने का फैसला किया है. इसके तहत स्नो लेपर्ड साइटिंग, हेली-स्कीइंग और हिमालयन कार रैली जैसी रोमांचक गतिविधियां शुरू की जाएंगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 20 दिसंबर तक केएमवीएन और जीएमवीएन की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री नेशनल पार्क में प्रायोगिक तौर पर स्नो लेपर्ड पर्यटन शुरू करने की योजना बनाई गई है. इसके तहत शीतकाल में नियंत्रित रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा. इस पहल का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है. स्नो लेपर्ड टूर के जरिए स्थानीय होमस्टे संचालकों, गाइड, पोर्टर और साहसिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. यह मॉडल लद्दाख की तर्ज पर प्रकृति संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के संतुलन का उदाहरण बनेगा.

मुख्यमंत्री ने बागेश्वर में सरयू कॉरिडोर विकसित करने और गंगोत्री की तर्ज पर सरयू नदी के उद्गम स्थल को धार्मिक-आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, ट्राउट मछली, कीवी और लाल चावल जैसे स्थानीय उत्पादों के उत्पादन और प्रचार पर विशेष जोर दिया गया है. इन प्रयासों से पर्यटन के साथ-साथ कृषि और मत्स्य आधारित आजीविका को बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और बागेश्वर को नई पहचान मिलेगी.

शीतकालीन पर्यटन योजना के तहत औली, खलिया टॉप और बेदनीधार में स्कीइंग, ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग और रैपलिंग जैसे साहसिक आयोजन किए जाएंगे. इसके साथ ही, हिमालयन कार रैली और हेली-स्कीइंग जैसे इवेंट्स उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में मदद करेंगे. इन प्रयासों से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर का भव्य योग महोत्सव आयोजित करने की योजना बना रही है, जिसमें सरकारी, निजी और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी होगी. ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव, देवप्रयाग सहित विभिन्न प्रयागों में भव्य आरती और वन डिस्ट्रिक्ट–वन फेस्टिवल के तहत प्रत्येक जिले में महोत्सव आयोजित किए जाएंगे. इसके साथ ही, डिजिटल और प्रिंट मीडिया अभियानों, रोड शो और लाइव प्रसारण के माध्यम से शीतकालीन पर्यटन का व्यापक प्रचार किया जाएगा, जिससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और अधिक मजबूत होगी.

मसूरी, नैनीताल और उत्तरकाशी में विंटर कार्निवाल आयोजित किए जाएंगे, जो पर्यटकों को संस्कृति और रोमांच का अनूठा अनुभव देंगे. इनमें बॉलीवुड के साथ-साथ स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा विभिन्न तरह के इवेंट आयोजित करने की भी योजना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.