Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बुधवार को मौसम का असर अलग-अलग इलाकों में अलग दिखेगा. मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में सुबह-शाम घना कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता कम रहेगी. पहाड़ी इलाकों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. तापमान में उतार-चढ़ाव से ठंड बनी रहेगी, ऐसे में सतर्कता जरूरी है.
मैदानों में कोहरा तो पहाड़ों में बूंदाबादी
मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से थोड़ा नरम रहेगा. अधिकतम तापमान लगभग 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में हल्की गर्माहट महसूस होगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय तापमान में अंतर ज्यादा होने से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है. वहीं पहाड़ी जिलों में मौसम का स्वरूप अलग रहेगा. नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों, विशेषकर मुक्तेश्वर और ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. बादलों के कारण धूप कम निकलेगी और ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
पहाड़ों में गरम कपड़े लेकर जाएं
पहाड़ों में अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन ज्यादा महसूस होगी. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पर्यटन स्थलों पर भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में दिन में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, जबकि सुबह के समय ठंडी हवा पर्यटकों को सर्दी का एहसास कराएगी. शाम ढलते ही तापमान तेजी से गिर सकता है, ऐसे में यदि आप इन इलाकों का रुख कर रहे हैं तो अपने साथ गरम कपड़े लेकर जरूर आएं.
कृषि पर भी पड़ेगा मौसम का असर
कृषि कार्यों पर भी इस मौसम का असर पड़ेगा. शुष्क मौसम किसानों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, क्योंकि इससे खेतों में खड़ी रबी फसलों को नुकसान की आशंका कम रहेगी. हालांकि कोहरे की वजह से सब्जी और सरसों की फसल पर हल्का प्रभाव पड़ सकता है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बूंदाबादी फसलों के लिए संजीवनी साबित हो सकती है. वहीं मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनकर ही घर से निकलें. बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत है. वाहन चालकों को कोहरे के दौरान फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से वाहन चलाने की हिदायत दी गई है.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.