लवर्स पॉइंट पहाड़ की ऊंची चोटी पर स्थित है, जिसके ठीक नीचे गहरी खाई नजर आती है. यही वजह है कि इस स्थान को देखकर लोग रोमांच और भय दोनों का अनुभव करते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों पहले यह जगह शहर से थोड़ी दूर और शांत हुआ करती थी. यहां अक्सर प्रेमी जोड़े एकांत में समय बिताने आया करते थे, जिस कारण इसका नाम लवर्स पॉइंट पड़ गया. हालांकि, पहाड़ी की ऊंचाई और नीचे दिखने वाली खाई के कारण इसे देखने वालों को यह सुसाइड पॉइंट जैसा भी प्रतीत होता है. इसी वजह से समय के साथ-साथ इसका दूसरा नाम सुसाइड पॉइंट भी प्रचलित हो गया.
इस पॉइंट से दिखाई देने वाले नजारे पर्यटकों का दिल जीत लेते हैं. एक ओर से तराई के इलाके दूर-दूर तक फैले हुए नजर आते हैं, तो दूसरी ओर नैनीताल की मशहूर कैमल्स बैक पहाड़ी दिखाई देती है. साथ ही यहां से आसपास की पहाड़ियों और वादियों का विहंगम दृश्य देखने को मिलता है. साफ मौसम में यहां से सरिताताल, खुर्पाताल और तराई के कई क्षेत्र भी दिखाई देते हैं. सुबह और शाम के समय यहां का नजारा और भी मनमोहक हो जाता है, जब सूर्योदय और सूर्यास्त के रंग आसमान में बिखर जाते हैं. साथ ही यहां से आप खूबसूरत विंटर लाइन का दीदार भी कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: New Year 2026: नए साल के स्वागत में दुल्हन की तरह सजी सरोवर नगरी नैनीताल, झिलमिलाती रोशनी से बदला शहर का नजारा
घुड़सवारी समेत कई तरह की एक्टिविटी
लवर्स पॉइंट नैनीताल शहर से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर कालाढूंगी रोड पर स्थित है, जहां तक आसानी से पहुंचा जा सकता है. यहां नैनीताल का एकमात्र घोड़ा स्टैंड भी मौजूद है, जहां से पर्यटक घुड़सवारी का आनंद ले सकते हैं. घुड़सवारी करते हुए पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों के बीच से गुजरना सैलानियों के लिए एक अलग और रोमांचक भरा अनुभव होता है. नए साल के मौके पर यहां पर्यटकों की खास भीड़ देखने को मिलती है, जो प्राकृतिक सुंदरता के बीच फोटो खिंचवाने और सुकून के पल बिताने पहुंचते हैं.
नए साल के मौके पर जमकर आ रहे सैलानी
स्थानीय दुकानदार गुड्डू बताते हैं कि यह जगह आज भी प्रेमी जोड़ों और परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है. उनका कहना है कि पहले यहां शांति ज्यादा थी, लेकिन अब यह नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिनी जाने लगी है. नए साल के मौके पर भी जमकर पर्यटक यहां पहुंच रहे है, उन्होंने बताया कि यहां आकर आप ट्रेडिशनल ड्रेसेस में फोटोग्राफी, घुड़सवारी का आनन्द ले सकते हैं. वहीं रील प्रेमियों के लिए भी ये जगह परफेक्ट है.
पर्यटकों को भाया लवर्स पॉइंट
फरीदाबाद से नैनीताल घूमने आई पर्यटक सिमरन बताती हैं कि उन्हें लवर्स पॉइंट बेहद पसंद आया. उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्होंने नैनीताल के अन्य प्रसिद्ध स्थलों का दीदार किया, लेकिन यहां से दिखने वाले नजारे सबसे खास लगे. सिमरन ने बताया कि वह नए साल के मौके पर अपने पति के साथ नैनीताल आई हैं और यहां की ठंडी हवाएं, शांत माहौल और खूबसूरत वादियां उन्हें बेहद भा रही हैं. कुल मिलाकर, लवर्स पॉइंट नैनीताल का प्रमुख पर्यटक स्थल है, अगर आप भी यहां आकर सुकून और प्रकृति के खूबसूरत नजारों का दीदार करना चाहते हैं, तो लवर्स पॉइंट जरूर जाइए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.