Nainital News: नैनीताल में इन दिनों बर्फीली हवाओं का पहरा है, जो सैलानियों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं. सोशल मीडिया पर बर्फबारी की रील देखकर बड़ी संख्या में पर्यटक सरोवर नगरी पहुंच रहे हैं, हालांकि फिलहाल उन्हें केवल कड़ाके की ठंड से ही संतोष करना पड़ रहा है. 26 जनवरी के बाद सुस्त पड़े पर्यटन कारोबार को अब आने वाले वीकेंड और मौसम विभाग की ‘करवट’ से बड़ी उम्मीदें हैं. जानिए क्या है नैनीताल के मौसम का ताजा हाल और क्या कहते है सैलानी.
होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के मुताबिक, पिछले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही में इजाफा हुआ था. लेकिन अभी नैनीताल खाली है. वहीं अब वीकेंड को लेकर उम्मीदें बनी हुई हैं. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले वीकेंड में मौसम करवट ले सकता है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में पर्यटकों की संख्या में फिर से उछाल आने की उम्मीद की जा रही है.
बर्फबारी की उम्मीद में पहुंचे पर्यटक
बिहार से नैनीताल पहुंचे पर्यटक पिंटू कुमार ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर नैनीताल में बर्फबारी की रील देखी थी. इसके बाद दोस्तों के साथ प्लान बनाकर नैनीताल पहुंच गए. पिंटू कहते हैं कि यहां बर्फ तो नहीं मिली, लेकिन ठंड काफी ज्यादा है. नैनीताल के नजारे बेहद खूबसूरत हैं. पटना में इस समय गर्मी पड़ने लगी है, इसलिए यहां की ठंड बहुत अच्छी लग रही है. उन्होंने नैनीताल आने वाले पर्यटकों को सलाह दी कि वे गर्म कपड़े साथ जरूर लेकर आएं. वहीं पटना से ही आए एक अन्य पर्यटक ने बताया कि वह भी बर्फबारी की रील देखकर नैनीताल पहुंचे हैं. उन्होंने यहां प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन किए और आसपास के इलाकों का दीदार किया. उनका कहना है कि नैनीताल में मौसम बेहद ठंडा है, लेकिन यही ठंड यहां की खूबसूरती को और खास बना देती है.
26 जनवरी के बाद घटी भीड़
स्थानीय नाव चालक नरेंद्र सिंह चौहान बताते हैं कि 25 और 26 जनवरी को नैनीताल में पर्यटकों की काफी भीड़ थी. लेकिन 27 जनवरी के बाद से पर्यटकों की संख्या में कमी देखने को मिली है. उन्होंने बताया कि फिलहाल नैनीताल में करीब 40 प्रतिशत ही काम चल रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर एक बार फिर बर्फबारी होती है, तो काम रफ्तार पकड़ेगा और वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचेंगे.
होटल कारोबार को मौसम से उम्मीद
नैनीताल होटल एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह का कहना है कि 26 जनवरी के वीकेंड के बाद जब बर्फबारी हुई थी, तब नैनीताल में पर्यटकों की अच्छी आमद देखी गई थी. हालांकि फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन ठंड बनी हुई है. रुचिर साह बताते हैं कि अगर सर्दियों के जाते-जाते एक बार फिर बर्फबारी हो जाती है, तो पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी. उन्होंने यह भी बताया कि बर्फबारी केवल पर्यटन के लिहाज से ही नहीं, बल्कि इकोलॉजी के लिए भी जरूरी है. इससे आने वाले समय में गर्मियों के दौरान पानी की कमी जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है. वहीं सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों ठंड की चादर में लिपटी हुई है. बर्फीली हवाओं के बीच भी पर्यटक यहां के मौसम और नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं. अब सबकी उम्मीदें मौसम पर टिकी हुई हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.