Nainital News: उत्तराखंड में डाक सेवाओं का नया युग शुरू होने जा रहा है. हल्द्वानी में जल्द ही राज्य का पहला GEN-G (नेक्स्ट जनरेशन) पोस्ट ऑफिस खुलने वाला है. यह हाई-टेक पोस्ट ऑफिस युवाओं, छात्रों और डिजिटल उपयोगकर्ताओं को तेज़, स्मार्ट और सुगम सेवाएं प्रदान करेगा.
डाक विभाग के अनुसार, GEN-G पोस्ट ऑफिस का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और डिजिटल उपयोगकर्ताओं को तेज़, स्मार्ट और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है. यहां हाई-टेक काउंटर, ऑटोमेटेड टोकन सिस्टम, डिजिटल स्क्रीन, पार्सल ट्रैकिंग किओस्क से लेकर फ्री हाई-स्पीड वाई-फाई तक की सुविधाएं होंगी. खास बात यह है कि यह देश के चुनिंदा डाकघरों में से एक होगा जहां इन-हाउस कैफे भी मौजूद रहेगा, ताकि ग्राहक अपनी बारी का इंतजार आराम और सुविधा के साथ कर सकें.
शैक्षणिक संस्थानों में भी खुलेंगे पोस्ट ऑफिस
डाक विभाग युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए नई पहल के तहत भविष्य में प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में भी GEN-G पोस्ट ऑफिस खोलने की तैयारी कर रहा है. कॉलेज परिसरों में बनने वाले इन पोस्ट ऑफिसों को आधुनिक इंटीरियर, कैफे और वाई-फाई जैसी सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि युवा डाक सेवाओं का उपयोग सहजता से कर सकें.
नेक्स्ट जनरेशन डाकघर होगा
नैनीताल डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक अमित दत्त ने बताया कि देशभर में GEN-G मॉडल तेजी से लागू किया जा रहा है. नैनीताल मंडल में फिलहाल एक पोस्ट ऑफिस को चयनित किया गया है, जिसे नेक्स्ट जनरेशन डाकघर के रूप में बदलने की प्रक्रिया शुरू है. एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में पहला GEN-G पोस्ट ऑफिस खोलने का विचार है. भविष्य में अन्य स्थानों पर भी ऐसे आधुनिक डाकघर स्थापित किए जाएंगे. इस पहल से उम्मीद है कि डाक विभाग का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और युवा वर्ग एक बार फिर डाक सेवाओं से मजबूती से जुड़ सकेगा.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. मैने शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 ( नेटवर्क 18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News 18 (नेटवर्क 18) के साथ जुड़ी हूं…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.