नागौर जिले में मादक पदार्थों के मामलों में फरार चल रहे एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा की गई इनाम की घोषणा पूरे राजस्थान में कौतूहल का विषय बन गई है। नागौर पुलिस ने वांछित आरोपी अर्जुनराम विश्नोई की गिरफ्तारी पर महज 25 पैसे का इनाम घोषित किया है, जिसने आमजन को हैरानी में डाल दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जायल उपखंड निवासी अर्जुनराम पुत्र जिसुखराम विश्नोई लंबे समय से फरार है। उसके खिलाफ पुलिस थाना जायल और कुचेरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। नागौर एसपी ऑफिस ने राजस्थान पुलिस नियम 1965 के तहत यह आदेश जारी किया है। इसके अनुसार, जो भी व्यक्ति आरोपी को पकड़वाने में मदद करेगा, उसे यह नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
आरोपी पर लंबित मामले आरोपी अर्जुनराम के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कुल तीन मुख्य मामले दर्ज हैं। • जायल थाना (22 फरवरी 2026): आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसकी जांच फिलहाल सुरपालिया थानाधिकारी द्वारा की जा रही है। • कुचेरा थाना (10 अक्टूबर 2025): यहां धारा 8/21 और 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। इस मामले की कमान मेड़ता रोड थानाधिकारी के पास है। • जायल थाना (4 फरवरी 2026): मादक पदार्थ तस्करी की धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और केस दर्ज हुआ, जिसकी जांच रोल थानाधिकारी कर रहे हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। हालांकि, आमतौर पर अपराधियों पर हजारों या लाखों रुपये का इनाम रखा जाता है, लेकिन महज 25 पैसे की इस घोषणा ने से हर कोई हैरान है।
इस मामले में नागौर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि वांछित अपराधी पर इनाम एक सामान्य प्रक्रिया है। अपराधियों के हौंसले पस्त करने हेतु तथा सामाजिक हवाबाज़ी समाप्त करने के उद्देश्य से यह इनाम रखा गया है। नागौर एसपी का यह निर्णय आमजन में चर्चा का विषय बन गया है लेकिन यह उन अपराधियों के लिए एक बहुत बड़ा मेसेज है जो इलीगल तरीकों से पैसा कमाकर दिखावे के लिए हवाबाजी करते हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.