नागौर के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (कंज्यूमर कोर्ट ) में अध्यक्ष पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण उपभोक्ताओं को न्याय मिलने में हो रही देरी और अव्यवस्थाओं के विरोध में जिला अधिवक्ता संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला अधिवक्ता संघ, नागौर के अध्यक्ष डॉ. पवन श्रीमाली के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर रिक्त पद पर शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि अध्यक्ष पद खाली होने से आयोग का कार्य लगभग ठप हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नए मामलों में नोटिस जारी नहीं हो पा रहे हैं और लंबित मामलों की सुनवाई पूरी तरह से बाधित है। इसके अतिरिक्त कई प्रकरणों में जमा राशि और चेक का भुगतान भी अटका हुआ है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान हो रहा है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति कर कार्यप्रणाली को नियमित और प्रभावी नहीं बनाया गया, तो अधिवक्ता संघ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी, भंवरलाल सारवत, सोहनलाल, मनोज जाटोलिया, प्रेमसुख काला, रामदेव चौधरी, देवेंद्र राज कल्ला, अविनाश जोशी, बीरबल कमेडिया, विजय बेड़ा, दीपक शर्मा, जगत नारायण तिवाड़ी, शाहरुख खान, पीर मोहम्मद खान, जितेंद्र सारस्वत, अशोक कुमार वैष्णव, भगवतराम खुडिवाल, शहजाद खोखर, ओम प्रकाश, प्रेमराज गहलोत, अल्ताफ खान, बागराम चौधरी और राजेंद्र चौधरी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.