मुजफ्फरपुर शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों में सोमवार रात तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग ने बुनियादी ढांचे में सुधार और रखरखाव के लिए यह विशेष शटडाउन निर्धारित किया है। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर, कोर्ट कैंपस और कई वीआईपी और आवासीय क्षेत्रों में बिजली नहीं रहेगी। विद्युत विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डीएम कार्यालय परिसर के पास इंसुलेटेड कंडक्टर की स्ट्रिंगिंग का काम किया जाना है। यह तकनीकी कार्य बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए आवश्यक है। इंसुलेटेड कंडक्टर लगाने से भविष्य में शॉर्ट सर्किट और जर्जर तारों के टूटने जैसी समस्याओं से बचाव होगा। दो प्रमुख पावर सब स्टेशन से लाइन रहेगी बंद यह शटडाउन सोमवार रात 11:00 बजे से शुरू होकर देर रात 02:00 बजे तक चलेगा। कुल तीन घंटे की इस अवधि के दौरान दो प्रमुख पावर सब स्टेशन (PSS) से जुड़ी लाइनें बंद रहेंगी। इनमें सिटी पार्क PSS से संचालित होने वाला 11KV कोर्ट कैंपस फीडर और नयाटोला PSS से संचालित होने वाला 11KV हॉस्पिटल फीडर शामिल हैं। मरम्मत काम के कारण शहर के कई महत्वपूर्ण क्षेत्र प्रभावित होंगे। इनमें डीएम आवास, डिस्ट्रिक्ट जज आवास, कलेक्ट्रेट परिसर, रेड क्रॉस, करबला, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कॉलोनी और स्टेशन रोड मुख्य रूप से शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ घनी आबादी वाले आवासीय मोहल्ले भी आते हैं। विभाग ने की अपील बिजली विभाग के कनीय अभियंता ने बताया कि काम की संवेदनशीलता को देखते हुए यह समय निर्धारित किया गया है, ताकि कम से कम लोग प्रभावित हों। विभाग ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे सोमवार रात 11 बजे से पहले पानी भरने या मोबाइल चार्ज करने जैसे अपने आवश्यक काम निपटा लें। मरम्मत कार्य संपन्न होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। रात का समय होने के कारण व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर इसका असर कम पड़ेगा, लेकिन आवासीय क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.