मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के बनघरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपने दामाद आयुष कुमार (27 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली उसके सिर के नजदीक से मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजन में चीख-पुकार मच गई।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक आयुष कुमार की युवती तन्नू कुमारी से प्रेम विवाह हुई थी। आयुष एक निजी बैंक में कार्यरत था और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी से नाराज लड़की के परिवार ने आयुष को धमकियां देना शुरू कर दिया। कथित रूप से, पहले भी दो बार सड़क दुर्घटना के माध्यम से उसकी हत्या की साजिश रची गई थी, लेकिन वह बच गया। अब परिवार ने घर बुलाकर उसे गोली मारकर हत्या कर दी।
आयुष की पत्नी तन्नू कुमारी ने कहा कि शादी से उसके माता-पिता नाराज थे और उन्होंने ही उसके पति की हत्या की है।
सिवाईपट्टी थाना के प्रभारी ने बताया कि मृतक की शादी उसी गांव की युवती से हुई थी, जिसे लेकर युवती के परिजन नाराज थे। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर हत्या को अंजाम देने वाले युवती के पिता को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.